उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे को कोर्ट का समन

5 और 6 अगस्त को कल्याण कोर्ट में पेश होने के आदेश

मुंबई/दि.30- महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कल्याण कोर्ट ने समन जारी किया है. अदालत ने उद्धव ठाकरे को 5 अगस्त और एकनाथ शिंदे को 6 अगस्त को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया है. यह मामला वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान कल्याण संसदीय क्षेत्र में हुए कथित मानहानि विवाद से जुड़ा है.
* क्या है पूरा मामला?
वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में कल्याण सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के उम्मीदवार वसंत डावखरे और शिवसेना के उम्मीदवार आनंद परांजपे के बीच मुकाबला था. चुनाव प्रचार के दौरान 22 अप्रैल 2009 को डोंबिवली में आयोजित एक सभा में तत्कालीन शिवसेना कार्याध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने आनंद परांजपे के समर्थन में भाषण दिया था.
सभा के दौरान वसंत डावखरे का एक वीडियो दिखाया गया, जिसमें उन्हें कथित तौर पर कार्यकर्ताओं से चुनाव जीतने के लिए पुलिस और चुनाव अधिकारियों से न डरने की बात कहते हुए दिखाया गया था. डावखरे ने इस वीडियो को भ्रामक बताते हुए दावा किया कि उनके बयान को संपादित (एडिट) कर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया.
इसके बाद वसंत डावखरे ने उद्धव ठाकरे, एकनाथ शिंदे, आनंद परांजपे और रमाकांत देवलेकर के खिलाफ अदालत में मामला दर्ज कराया. दूसरी ओर, शिवसेना ने दावा किया था कि वीडियो वास्तविक है और इस संबंध में चुनाव अधिकारियों से शिकायत करने की भी बात कही थी. इसी मामले की सुनवाई के तहत अब कल्याण कोर्ट ने उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे को समन जारी किया है. अब इस बात पर नजर रहेगी कि दोनों नेता स्वयं अदालत में उपस्थित होते हैं या अपने वकीलों के माध्यम से पक्ष रखते हैं.

Back to top button