प्रेम संबंधों में बाधक बन रहे पति की हत्या

पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, वाशिम में सनसनीखेज वारदात

* खेत में बुलाकर गला घोंटा, शव नींबू के पेड़ के नीचे फेंका
* वारदात के बाद कुछ ही घंटों में पुलिस ने सुलझाया मामला
वाशिम/दि.31- वाशिम जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है. अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को खेत में फेंककर मामले को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने महज कुछ घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया. घटना मालेगांव तहसील के वाकलवाडी क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार मृतक सुरेश राजाराम चलके मूल रूप से अमानी गांव के निवासी थे और अपनी पत्नी आशा चलके के साथ वाकलवाडी स्थित ससुराल में रह रहे थे.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आशा चलके के गांव के ही युवक महादेव बजरंग आंभोरे के साथ प्रेम संबंध थे. कुछ समय बाद इस संबंध की जानकारी सुरेश चलके को हो गई. इसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे. पुलिस का दावा है कि सुरेश अपनी पत्नी के संबंधों का विरोध कर रहा था, जिससे पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस जांच के अनुसार योजना के तहत आशा चळके ने अपने पति को खेत में जाने के बहाने बुलाया. वहां पहले से महादेव आंभोरे छिपकर बैठा था. जैसे ही सुरेश खेत में पहुंचा, दोनों ने मिलकर उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को खेत में स्थित एक नींबू के पेड़ के नीचे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए.
29 जुलाई को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि वाकलवाडी के खेत क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही मेडशी पुलिस चौकी और मालेगांव पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची. शव को ग्रामीण अस्पताल मालेगांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पारिवारिक पृष्ठभूमि और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच तेज कर दी. जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतक की पत्नी और उसके करीबी लोगों पर गया. कड़ी पूछताछ में आशा चलके और महादेव आंभोरे के बयान संदिग्ध पाए गए. पुलिस के अनुसार बाद में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया. मालेगांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
मालेगांव पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक राजेश खेरडे ने बताया कि मृतक के शव की जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले थे. इसके बाद की गई जांच में पत्नी और उसके प्रेमी की संलिप्तता सामने आई. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें हत्या की साजिश और वारदात का खुलासा हुआ. इस घटना ने पूरे वाकलवाडी और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि पारिवारिक विवाद और प्रेम संबंधों के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई. पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और हत्या में इस्तेमाल की गई परिस्थितियों तथा अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है.

Back to top button