जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों में हो रही देरी पर कांग्रेस आक्रामक

दो-दो महिने तक नहीं मिल रहे प्रमाणपत्र

* आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रक्रिया समयबद्ध करने की मांग
अमरावती /दि.7- अमरावती शहर में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र समय पर नहीं मिलने से नागरिकों को हो रही गंभीर परेशानियों को लेकर कांग्रेस के शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत व मनपा के विपक्ष नेता विलास इंगोले के नेतृत्व में मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
ज्ञापन में कहा गया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करना आम नागरिकों के लिए बेहद कठिन और समय लेने वाली प्रक्रिया बन गया है. प्रमाणपत्रों में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों को स्कूल, कॉलेज एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश, पासपोर्ट, आधार, सरकारी योजनाओं तथा नौकरी से संबंधित कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मृत्यु प्रमाणपत्र में विलंब होने से उत्तराधिकार प्रमाणपत्र, संपत्ति हस्तांतरण, बैंक खातों, बीमा दावों, पेंशन एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं. ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मनपा से कई मामलों की मंजूरी जिला परिषद को भेजी जाती है, जहां नागरिकों से बार-बार नए दस्तावेज एवं प्रमाण मांगे जाते हैं. इसके कारण लोगों को मनपा और जिला परिषद कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं. कई मामलों में दो से तीन महीने बीत जाने के बाद भी प्रमाणपत्र जारी नहीं हो रहे हैं. इसका सबसे अधिक असर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों पर पड़ रहा है.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शासन का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में समन्वय की कमी, मंजूरी में देरी और स्पष्ट मार्गदर्शन के अभाव के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में मांग की गई कि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, लंबित मामलों का तत्काल निपटारा किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाई जाए.
ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस के शहराध्यक्ष बबलू शेखावत तथा महानगरपालिका में विपक्ष के नेता विलास इंगोले के नेतृत्व में सौंपा गया. इस अवसर पर यासीर भारती, गुड्डू हमीद, नसीम खान पप्पू, सादिक शाह, इसरार आलम, निसार खान जे.के., डॉ. आबीद हुसैन, डॉ. फिरोज खान, राजीक सर, यूसुफ सौदागर, जुबैर खान, आमिर शेख, अब्दुल अजीम, शेख रेहान, सईद पेंटर, अब्दुल नईम, अब्दुल रऊफ, अकरम अली, हुसैन खान, मोइन खान, शेख रेहान, जुनेद खान, प्रभाकर वालसे, मतीन, मोइन खान, जुबेर एस. के. सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Back to top button