मुर्तिजापुर में सात घरफोड़ियों का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

18.18 लाख का माल बरामद, सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता

* गिरफ्तार दोनों आरोपी अमरावती शहर के रहने वाले
अकोला /दि.8– मुर्तिजापुर शहर में लगातार हो रही चोरी और घरफोड़ियों की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है. पुलिस ने अमरावती शहर के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 14 हजार 750 रुपये नकद और 93.600 ग्राम सोना समेत कुल 18 लाख 18 हजार 750 रुपये कीमत का माल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अमरावती के गांधी चौक निवासी सागर जनार्दन गोगटे (35) और चवरे नगर निवासी पंकज राजू गोंडाणे (27) है.
पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने अपराध समीक्षा बैठक में संपत्ति संबंधी अपराधों का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद मुर्तिजापुर शहर पुलिस थाने की ओर से विशेष जांच दल गठित कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस टीम ने चोरी और घरफोड़ियों वाले स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति चेहरे पर रूमाल बांधे और नीले रंग का बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने संदिग्ध की गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की. जांच में सामने आया कि संदिग्ध रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक ऑटो में बैठकर कारंजा रोड की ओर गया था.
* ऑटो चालक से मिला अहम सुराग
पुलिस ने गोपनीय जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संबंधित ऑटो चालक का पता लगाया. पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने संदिग्ध व्यक्ति को खेर्डा में छोड़ा था. आरोपी ने ऑटो चालक के मोबाइल से तीन कॉल भी किए थे और बाद में कॉल हिस्ट्री डिलीट कर दी थी. साइबर पुलिस की मदद से उन कॉल्स की तकनीकी जानकारी हासिल की गई. इस सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने पालघर जिले के कुडुस क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों तक पहुंच बनाई.
* दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अमरावती शहर के गांधी चौक निवासी सागर जनार्धन गोगटे (35) तथा चवरे नगर निवासी पंकज राजू गोंडाणे (27) को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मुर्तिजापुर शहर में सात घरफोड़ियां करने की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से विभिन्न मामलों में चोरी किया गया माल बरामद किया.
* नकदी, सोने के आभूषण और बाइक बरामद
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी में लाखों रुपये की नकदी, सोने की लगड़, अंगूठियां, अन्य आभूषण तथा चोरी की मोटरसाइकिल शामिल है. बरामद कुल माल की कीमत करीब 18.18 लाख रुपये बताई गई है. जानकारी के मुताबिक बरामद माल में अधिकांश संपत्ति चोरी के मामलों से संबंधित है. इससे संबंधित पीड़ित नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है. आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी वैशाली मुळे के मार्गदर्शन में की गई. मुर्तिजापुर शहर पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र जोशी एवं उनकी टीम ने सीसीटीवी, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर सघन जांच करते हुए इस मामले का खुलासा किया.

Back to top button