धामोरी फाटा पर हुए हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी जांच, 550 मोबाइल नंबरों के विश्लेषण और 61 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिली सफलता

अमरावती/दि.8 – खोलापुर थाना क्षेत्र के धामोरी फाटे के पास युवक की हत्या कर फरार हुए आरोपियों तक पहुंचने में खोलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर मामले के दो मुख्य आरोपियों साहिल राहुल भगत और पियुष रंजित गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है. वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक 29 जुलाई को भातकुली तहसील के वाठोडा शुक्लेश्वर निवासी मृतक राहुल राजू रावकेकर (35) अपने गांव से अमरावती की ओर जा रहा था. इसी दौरान धामोरी बस स्टैंड से कुछ दूरी पर धामोरी कुमागार के वाड़े के पास अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल राहुल की मौत हो गई थी. इस मामले में खोलापुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था. हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की.
जांच के दौरान इंटरनेट तथा टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर करीब 550 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया. इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में स्थित 61 स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की गई. मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और गोपनीय जानकारी को आपस में जोड़कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया गया. तकनीकी जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और साहिल राहुल भगत तथा पियुष रंजित गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ तथा दर्यापुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी के मार्गदर्शन में की गई. जांच दल में सहायक पुलिस निरीक्षक अनुप बाकड़े तथा एएसआई पुरुषोत्तम बावणे, हेड कांस्टेबल शैलेश घुरडे, दीपक उड़के, जवान निखिल आमझरे, वृंदावन गुडधे और चालक राजेश सरकटे ने की.





