गडचिरोली में 6 छात्राओं को सर्पदंश, 3 की मृत्यु
सीएम फडणवीस ने व्यक्त की चिंता और दुख

नागपुर/दि.10 – गडचिरोली जिले के धानोरा तहसील अंतर्गत जपतलाई से भयंकर समाचार मिला है. आश्रमशाला में घुस आए सांप ने 6 छात्राओं डस लिया. जिसमें से 3 छात्राओं की उपचार से पहले ही मृत्यु हो जाने की भयंकर खबर है. तीन अन्य छात्राएं मौत से संघर्ष कर रही है. उसमें कक्षा दुसरी की छात्रा भी शामिल है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने अधिकारियों को तीनों जख्मी छात्राओं के संपूर्ण उपचार के निर्देश दिए है. जरुरत पडी तो एयरलिफ्ट करने कहा है. मुख्यमंत्री ही गडचिरोली के पालकमंत्री भी है. ऐसे में वहां सर्पदंश से छात्राओं की मृत्यु से हडकंप मचा है.
मृत छात्राओं में कक्षा 6 वीं दीपिका लकडा, कक्षा 8 वीं की सुष्मिता मंडल और कक्षा दूसरी की अनु कोरेटी शामिल है. तीन अन्य छात्राओं कक्षा 5 वीं की दीपिका मदवी, कक्षा 6 वीं की कविता किरंगा और कक्षा 8 वीं की समृद्धि नैताम को गडचिरोली जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. समृद्धि सुरेश नैताम की दशा गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टर्स उसे बचाने भरसक प्रयास कर रहे हैं. आश्रमशाला कर्मियों ने बताया कि, रविवार रात भोजन पश्चात छात्राएं सो रही थी. रात 2 से 2.30 बजे के बीच छात्राओं को सांप ने डसा. जिसके बाद हडकंप मचा. भयानक घटना की उच्चस्तरिय जांच हो रही है. नाशिक और नागपुर से आदिवासी विकास आयुक्तालय के अधिकारी पहुंच रहे है. उन्होंने बताया कि, तीन जख्मी छात्राओं को एंटी व्हेनम दिया गया है. जांच में लापरवाही और सुरक्षा में कोताही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी. जिले के सहायक पालकमंत्री एड. आशीष जायसवाल ने भी घटना पर दुख और क्षोभ व्यक्त किया है.





