ड्रग्स के शक में ट्रैवल्स पर छापा, 1200 किलो संदिग्ध खोवा बरामद

एफडीए अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से उठे सवाल

पुणे /दि.10- शहर के काकडेवस्ती इलाके में ड्रग्स की खेप आने की सूचना पर पुणे पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने रविवार रात एक निजी ट्रैवल्स पर छापा मारा. पुलिस को उम्मीद थी कि ट्रैवल्स से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद होगा, लेकिन तलाशी के दौरान ड्रग्स के बजाय करीब 1200 किलो संदिग्ध खोवा बरामद हुआ. यह खोवा करीब 20 बोरियों में भरा हुआ था. पुलिस के अनुसार, परराज्य से निजी ट्रैवल्स के जरिए पुणे में ड्रग्स की खेप आने की सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टीम ने संबंधित ट्रैवल्स को रोककर जांच की. तलाशी के दौरान 20 बोरियों में बड़ी मात्रा में खोवा मिला. इतनी बड़ी मात्रा में खोवा मिलने के बाद पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि इसे कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था.
खोवा खाने योग्य है या नहीं, वह शुद्ध है या उसमें किसी तरह की मिलावट की गई है, इसकी जांच के लिए पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों से संपर्क किया. बताया गया कि पुलिस ने देर रात तक अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर नमूने लेने और जांच की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया. हालांकि, छुट्टी का हवाला देते हुए एफडीए के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे पुलिस के सामने आगे की कार्रवाई को लेकर परेशानी खड़ी हो गई.
* एफडीए की भूमिका पर सवाल
एक ओर पुलिस ने संदिग्ध माल की जानकारी मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की, वहीं दूसरी ओर खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से सवाल उठ रहे हैं. खासकर इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध खोवा बरामद होने के बावजूद तत्काल नमूने नहीं लिए जाने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

Back to top button