मशहूर ‘महाराज भजीवाले’ होटल का लाइसेंस रद्द
हिंगोली में एफडीए की बड़ी कार्रवाई

* खिचड़ी में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद छापा
* भारी गंदगी मिलने पर होटल सील, जांच जारी
हिंगोली/दि.12 – हिंगोली शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के प्रसिद्ध ‘महाराज भजीवाले’ होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. होटल में गंभीर स्तर की गंदगी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने के बाद एफडीए ने होटल को सील कर उसका संचालन बंद करा दिया.
बता दे कि, हिंगोली की पुरानी जिला परिषद इमारत के सामने स्थित ‘महाराज भजीवाले’ होटल मूंग की भजियों और खिचड़ी के लिए काफी प्रसिद्ध माना जाता है. प्रतिदिन सैकड़ों ग्राहक और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग यहां भोजन करने पहुंचते हैं. लेकिन हाल ही में सामने आए एक मामले ने होटल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
जानकारी के अनुसार भाजपा पदाधिकारी प्रीति जैस्वाल ने होटल से खिचड़ी मंगवाई थी. खिचड़ी में दो कीड़े मिलने का दावा किया गया, जिसके बाद उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो वायरल होते ही लोगों में नाराजगी फैल गई. इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय तथा अन्न एवं औषधि प्रशासन के पास औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए एफडीए के अधिकारियों ने मंगलवार को होटल पर अचानक छापा मारा. जांच के दौरान होटल परिसर में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और व्यापक अस्वच्छता पाए जाने की जानकारी सामने आई. निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने होटल का लाइसेंस रद्द करने और प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करने का निर्णय लिया.
कार्रवाई में सहायक आयुक्त पवन खताल, अन्न सुरक्षा अधिकारी राजश्री सावंत तथा अन्य अधिकारियों की टीम शामिल थी. अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया. एफडीए की इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल और खानपान व्यवसाय से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों पर भी अब कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है.
स्थानीय स्तर पर इसे हिंगोली में एफडीए द्वारा लाइसेंस रद्द करने की पहली बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. अब तक केवल औपचारिक जांच और नोटिस तक सीमित रहने वाले विभाग ने इस बार सीधे लाइसेंस निरस्त कर होटल सील कर दिया. इस कार्रवाई के बाद नागरिकों ने भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर नियमित जांच की मांग उठाई है.





