स्पेशल बडनेरा- नाशिक मेमू अब रोजाना चलेगी

अकोला/दि.15- पश्चिम विदर्भ के रेल यात्रियों की वर्षो पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है. बडनेरा-नाशिक रोड मेमू को अब विशेष टे्रन के बजाय नियमित सेवा का दर्जा दे दिया गया है. अब तक 01211/01212 नंबर से चल रही यह ट्रेन 61129/61130 नंबर से सप्ताह के सातों दिन दौंडेगी. इससे अकोला, अमरावती, बुलढाणा, वाशिम और हिंगोली सहित पश्चिम विदर्भ के यात्रियों को बडी राहत मिलेंगी.
बडनेरा से नाशिक रोड तक सफर के लिए इस मेमू का किराया अपेक्षाकृत कम है. नियमित संचालन से यात्रियों को न केवल सस्ता विकल्प मिलेंगा, बल्कि नाशिक और आसपास के धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी. खासकर त्र्यंबकेश्वर ज्योतिलिंग के दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए जाने वाले श्रध्दालुओं के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी.
* सुबह अकोला, शाम को नाशिक
61129 बडनेरा -नाशिक रोड मेमू सुबह 10.05 बजे बडनेरा से रवाना होगी और 11.02 बजे अकोला पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन शाम 7.40 बजे नाशिक रोड पहुंचेगी. वापसी में 61130 नाशिक रोड से रात 9.15 बजे रवाना होगी और अगले दिन तडके 3.20 बजे अकोला पहुंचेगी. अकोला से आगे चलकर ट्रेन सुबह 5.35 बजे बडनेरा पहुंचेगी.
* प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
मुर्तिजापुर, अकोला, शेगांव, नांदुरा, मलकापुर, भुसावल, जलगांव, पाचोरी, चालीसगांव, मनमाड, लासलगांव और निफाड समेत प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव रहेगा. इससे मार्ग के छोटे.बडे शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा.
* सांसद के प्रयासों को मिली सफलता
बडनेरा-नाशिक रोड मेमू को नियमित कराने के लिए सांसद अनूप धोत्रे लगातार प्रयासरत थे. लंबे समय से उठ रही मांग पर आखिरकार रेलवे ने मुहर लगा दी. नियमित सेवा शुरू होने से पश्चिम विदर्भ और नाशिक के बीच रेल संपर्क को नई मजबुती मिलेगी. पश्चिम विदर्भ के यात्रियों के लिए यह महज ट्रेन का नंबर बदलने की खबर नहीं, बल्कि रोजाना सस्ते और सुविधाजनक रेल सफर की बडी जीत है.

Back to top button