दो हजार से अधिक लोग रखते हैं ट्रांसफर गोल्ड लोन
सुरक्षित निवेश ने अनेक को किया आकृष्ट

* अमरावती में कितने किलो सोना गिरवी – किश्त तीसरी
* सराफा में ही 100 किलो से अधिक गोल्ड के ऐवज में बांटे गए हैं लोन
अमरावती/दि.17 – उधारी पर सोना रखकर पैसे देने का सुरक्षित बिझनेस होने से शहर के दो हजार से अधिक लोग गोल्ड लोन अपने पास ट्रांसफर करने की दिशा में आकर्षित हुए हैं. वहीं दशकभर पहले की घटना के कारण हालांकि कई लोगों ने गहान ट्रांसफर के धंधे से तौबा भी कर ली थी. किंतु गोल्ड के बेतहाशा बढे रेट के कारण पिछले कुछ वर्षों में न केवल गोल्ड लोन का बिझनेस बढा, बल्कि इस बिझनेस से काफी नए लोग जुड गए. शारदा नगर से लेकर शंकर नगर और गाडगे नगर, राधा नगर एवं दूरस्थ बस्तियों में भी बैठे-ठाले लोगों ने गोल्ड लोन का गोरखधंधा अपना लिया. जानकारों ने अमरावती मंडल से चर्चा में बताया कि, अकेले सराफा मार्केट में ही 100 से अधिक साहूकार है और उनके पास उधारी पर दी गई रकम के ऐवज में 100 किलो से अधिक गोल्ड गिरवी है.
* बैंकों में लॉकर भरे हैं गोल्ड से
सराफा मार्केट के अधिकृत साहूकारों ने चर्चा में बताया कि, सीसीटीवी, दो-दो चैनल गेट, शटर रहने के बावजूद लोगों की अमानत को महफूज रखने के लिए व्यापारियों ने बैंकों में सुरक्षित लॉकर ले रखे हैं. वह ग्राहक को उनका रेहन अर्थात गहान सोना या फिर सोने के आभूषण छुडाने के लिए समय देते हैं. जब ग्राहक रकम और ब्याज का भुगतान कर देते हैं, तब बैंक लॉकर से लाकर ग्राहक की वस्तु सुरक्षित लौटाई जाती है.
* दूसरी ओर घोर लापरवाही
एक ओर निजी साहूकारों के पास पारदर्शी और तुरंत का व्यवहार रहने पर भी लोग बैंक व वित्तीय कंपनियों के चंगुल में महज कम ब्याज के लोभ में अटके हैं. वित्तीय कंपननियों में किस प्रकार कामकाज होता है, यह शहर में उजागर हुए भयंकर गोल्ड लोन घोटाले से साबित हो गया है. सराफा या वैध साहूकार आपकी वस्तु को भरपूर सुरक्षा से सलामत रखते आए हैं. जबकि निजी कंपनियों और बैंकों में घोटाले हुए है. लोगों का सोना गायब हो गया है. ताजा केस में ही 100 से अधिक भुक्तभोगी अब कानूनी पचडे में पड गए हैं.
* फंसा हुआ है सैकडों लोगों का व्यवहार
चर्चा है कि, अनेक किलो सोना सैकडों लोगों का अटक गया है. वहीं कुछ वर्ष पहले एक नैशनलाइज बैंक में भी गोल्ड लोन के चक्कर में दर्जनों लोग फंस गए थे. उनका भी सोना आज तक उन्हें सही-सलामत लौटाया नहीं गया है. बताया जाता है कि, वह सोना संपूर्ण न्यायिक प्रक्रिया पश्चात लौटाया जाएगा. यहां याद दिला दें कि, दशकभर पहले कंवर नगर एरिया में भी एक निजी साहूकार ने करीब डेढ किलो सोने के गिरवी व्यवहार में लोगों को हाथ बता दिया था. पुलिस ने काफी प्रमाण में सोना रिकवर किया, किंतु बताते हैं कि, कई लोगों को उनका कीमती आभूषण अब तक प्राप्त नहीं हुआ है.





