राजकमल पर शिवभक्तों का उमडा रेला

‘आयी सवारी राजा महाकाल की, देवों के देव...’

* अभूतपूर्व झांकी ने किया मुग्ध
* अभिषेक गुप्ता मित्र परिवार का भव्य सावन उत्सव
* रविवार रात थिरके हजारों भोले भक्त
अमरावती/दि.17 – राजकमल चौक पर रविवार शाम से ही भोले भक्तों का जुटना प्रारंभ हो गया था. संध्या घिरते ही भक्तों का सैलाब होता गया और अभूतपूर्व अंदाज में सावन उत्सव मनाते हुए शिव आराधना के गीत-संगीत ने हजारों लोगों को थिरकने पर विवश कर दिया था. उसी प्रकार उडानपुल से भी हजारों लोगों ने लायटिंग के साथ बैंजों पर शिवभक्ति के इस अनोखे आयोजन का आनंद लिया. सैकडों लोगों ने रील्स बनाई और अपने ग्रुप्स में वायरल कर दी. अभिषेक गुप्ता मित्र मंडली के आयोजन को लोगों कावड यात्रा भी समझ लिया था, किंतु यह केवल और केवल महादेव, भोलेनाथ शंकरजी की असाधारण भक्तिभावना को प्रस्तुत करने का अनूठा आयोजन कहा जा सकता है. विधायक रवि राणा सहित अनेकानेक नेताओं, पदाधिकारियों, गणमान्यों ने शिवभक्ति के इस भव्य-दिव्य स्वरुप में उपस्थिति दर्ज कराई थी, आयोजकों का जोश बढाया था.
आयोजकों में कालभैरव कार्य मंडल के संयोजक सर्वश्री अभिषेक संतोष गुप्ता, योगेश गवले, अभिषेक सांगले, सागर दरोली, शुभ साहू, किसन राणे, कान्हा तिवारी, आदित्य गुप्ता, वेदांत गुप्ता का समावेश रहा. नगरसेवक दीपक साहू सम्राट की भी उपस्थिति रही. अनेकानेक भोले भक्तों का योगदान रहा. अभूतपूर्व और अविस्मरणीय बन गए भक्ति संगीत ने उपस्थितों को थिरकने पर, झूमने पर मजबूर कर दिया था. तीन-चार घंटे में 15 से 20 हजार लोग वहां उमडने का दावा किया जा रहा है.
* सागर से लाई मूर्ति
शंकर-पार्वती की नंदी पर विराजमान अति भव्य प्रतिमा मध्य प्रदेश के सागर जिले से लाई गई थी. इस प्रतिमा की अद्भूत भाव-भंगिमा ने ही उपस्थितों को रोमांचित कर दिया था. इसके साथ ही रायपुर से आमंत्रित बैंजो टीम ने शिव भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि, सभी उपस्थित हजारों का सैलाब भोले की भक्ति की मस्ती में सराबोर हो गया. डूब-डूब गया. बैंजो की प्रस्तुति के साथ लायटिंग इफेक्ट ने आयोजन को अपनी तरह का पहला आयोजन बना दिया था. यवतमाल से जय अंबे ने सेटअप किया था. वह भी अत्यंत आकर्षक और भव्य रहा. आयोजन की शोभा और गरिमा बढा दी थी. बता दें कि, स्टेज का काम शुक्रवार से ही प्रारंभ हो गया था. राजकमल चौक से गुजरने वाले भव्य मंच के निर्माण से ही कौतूहल में डूब गए थे. कई लोगों कावड यात्रा का आभास हो गया था. मगर यह अभिषेक गुप्ता मित्र परिवार का सावन उत्सव रहा.
* रील्स बनाने और स्टेटस का क्रेज
आयोजन ऐसा धमालभरा रहा कि, रविवार शाम राजकमल चौक से जानेवाले लोगों ने उसके जमकर वीडियो बनाए. रील्स बनाने की होड मची रही. हजारों अमरावती वासियों का सोशल मीडिया स्टेटस सोमवार को यह आयोजन रहा. सावन सोमवार होने से स्टेटस चाव से देखने वालों का भी अधिक आंकडा रहा.

Back to top button