यशोदानगर में रास्ता रोको आंदोलन

नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग

अमरावती/दि.17 – फ्रेजरपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के यशोदानगर चौक में नशे के अवैध कारोबार और देशी शराब की दुकान के विरोध में बसपा नगरसेवक सचिन वैद्य के नेतृत्व में आज सोमवार 17 अगस्त को रास्ता रोको आंदोलन किया गया. आंदोलनकारियों ने क्षेत्र में कथित रूप से हो रही गांजा बिक्री, गावठी शराब की बिक्री तथा देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग की. कुछ ही देर में फ्रेजरपुरा पुलिस के दल ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर पार्षद सचिन वैद्य, इस्माइल लालूवाले, नगरसेविका विद्या माटे सहित आंदोलनकर्ताओं को डिटेन कर लिया. पश्चात उन्हें रिहा कर दिया.
आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में स्कूल, बौद्ध विहार, शिव मंदिर, वाचनालय सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थल मौजूद हैं. इसके बावजूद देशी शराब की दुकान स्कूल एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक स्थलों से 100 मीटर के दायरे में होने का आरोप लगाया गया. प्रदर्शनकारियों ने इस दुकान को तत्काल हटाने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में गांजा और गावठी शराब की बिक्री के कारण नई युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है. उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले दसवीं कक्षा का एक छात्र भी गांजे के नशे में पड़ा हुआ दिखाई दिया था. इस घटना से क्षेत्र के नागरिकों में चिंता और आक्रोश है.
आंदोलनकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सभी नागरिकों और नगरसेवकों को साथ लेकर जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा. साथ ही फ्रेजरपुरा क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही गई. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन और संबंधित प्रशासन ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में अधिक तीव्र स्वरूप का जनआंदोलन छेड़ा जाएगा. आंदोलनकारियों ने कहा कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति के लिए शासन और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार रहेगा. आंदोलन में सचिन वैद्य, इस्माइल कासम लालूवाले, विद्या माटे के अलावा सुमित पाटिल, सुरेश सहारे, वर्षा पाटिल, शांताताई चव्हाण, रिता गणवीर, संजय गणवीर, योगेश डांगे, करण काले, गोपाल शेंडगे, प्रतीक डोंगरे, अमन वानखडे, मनोज देवगडे, क्रिश बनसोड, सौरभ गाडेकर, अभिषेक चव्हाण, गौरव लोखंडे, अनिकेत रंगारी, भूषण चतुरकर, प्रतीक सहारे, सागर पाटिल, प्रफुल्ल लोखंडे, शरद नानवटकर, महेंद्र नाईक, चंदू गणवीर, गौरव लोखंडे, अजिंक्य रोडगे, रोशन कास्देकर, सुनील पाटिल समेत अनेक लोगों का समावेश था.

Back to top button