तुकाराम मुंढे का उपभोक्ताओं के नाम बड़ा संदेश

होटल में खाने से पहले 4 बातें जरूर जांचें

* ऑनलाइन मंगाए खाद्य उत्पाद पर एक्सपायरी डेट चेक करें
मुंबई /दि.17- महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे इन दिनों खाद्य सुरक्षा और मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान को लेकर चर्चा में हैं. उनके नेतृत्व में राज्यभर में कई बड़े होटलों, रेस्टोरेंटों, डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है. कई संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं, जबकि मिलावटी दूध, घी, पनीर, दही और प्रतिबंधित गुटखा कारोबार के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच तुकाराम मुंढे ने नागरिकों को होटलों में भोजन करने और ऑनलाइन खाद्य सामग्री खरीदने को लेकर महत्वपूर्ण सलाह दी है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की जागरूकता ही सुरक्षित खाद्य व्यवस्था की सबसे बड़ी गारंटी है.
* होटल में भोजन करने से पहले इन 4 बातों का रखें ध्यान
एक साक्षात्कार के दौरान तुकाराम मुंढे ने बताया कि वे स्वयं सामान्यतः घर का बना सादा भोजन पसंद करते हैं, लेकिन बाहर भोजन करने वाले लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए. मुंढे ने कहा कि जिस होटल या रेस्टोरेंट में आप भोजन करने जा रहे हैं, वहां की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें. भोजन क्षेत्र, रसोई, कर्मचारियों की स्वच्छता और आसपास का वातावरण देखकर ही भोजन का निर्णय लें. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यह जरूर देखें कि संबंधित होटल या रेस्टोरेंट के पास वैध खाद्य लाइसेंस है या नहीं. बिना लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों से खाद्य सुरक्षा को खतरा हो सकता है.
एफडीए आयुक्त ने कहा कि ज्यादा नमकीन, अधिक वसा (फैट) वाले तथा अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है. ऐसे खाद्य पदार्थ कभी-कभार खाए जा सकते हैं, लेकिन इन्हें दैनिक भोजन का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए. यदि भोजन की गंध, रंग, स्वाद या गुणवत्ता संदिग्ध लगे तो उसे खाने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को शिकायत करें.
* ऑनलाइन खाद्य सामग्री खरीदते समय भी बरतें सावधानी
क्विक कॉमर्स और 10 मिनट डिलीवरी सेवाओं के बढ़ते चलन के बीच तुकाराम मुंढे ने ऑनलाइन खाद्य उत्पाद खरीदने वालों को भी महत्वपूर्ण चेतावनी दी है. हाल ही में एफडीए द्वारा विभिन्न डार्क स्टोर्स की जांच में एक्सपायर खाद्य सामग्री, खराब भंडारण व्यवस्था और अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आईं. कुछ स्थानों पर खाद्य पदार्थों के बीच कीट और झुरलों की मौजूदगी भी पाई गई, जिससे खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठे.
मुंढे ने स्पष्ट कहा कि यदि ऑनलाइन मंगाए गए खाद्य उत्पाद पर निर्माण तिथि या एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से अंकित नहीं है, तो ग्राहक को वह उत्पाद स्वीकार नहीं करना चाहिए. बल्कि यदि पैकेट पर अनिवार्य जानकारी, लेबल या एक्सपायरी विवरण उपलब्ध नहीं है, तो उपभोक्ता सीधे एफडीए के आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
* खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं
एफडीए ने स्पष्ट किया है कि तेज डिलीवरी की होड़ में उपभोक्ताओं की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा. खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना विक्रेताओं और संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की कानूनी जिम्मेदारी है. तुकाराम मुंढे ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल ग्राहक बनकर न रहें, बल्कि जागरूक उपभोक्ता की भूमिका निभाएं. होटल में भोजन करते समय स्वच्छता और लाइसेंस की जांच करें तथा ऑनलाइन खरीदे गए खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी डेट अवश्य देखें. किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.

Back to top button