अमरावती में कचरा समस्या को लेकर आमरण अनशन की चेतावनी
दो दिन में कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा

अमरावती /दि.18 – अमरावती शहर में कचरा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर शिवसैनिक एवं समाजसेवक आशीष बलराम लुल्ला ने महानगरपालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की चेतावनी दी है. उन्होंने महानगरपालिका आयुक्त को पत्र सौंपकर कोणार्क इंफ्रास्ट्रक्चर तथा स्वच्छता विभाग के संबंधित अधीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लुल्ला ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि पिछले छह महीनों से कोणार्क इंफ्रास्ट्रक्चर और महानगरपालिका के स्वच्छता विभाग की कथित लापरवाही के कारण शहर के अनेक हिस्सों में कचरे के ढेर लगे हैं. इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि अमरावती की जनता अब इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने मनपाा प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि कोणार्क इंफ्रास्ट्रक्चर और जिम्मेदार स्वच्छता अधीक्षक के खिलाफ लिखित रूप से ठोस एवं सख्त कार्रवाई की जाए.
लुल्ला ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर वह जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष बेमुद्दत आमरण अनशन (भूख हड़ताल) शुरू करेंगे. उन्होंने पत्र में कहा है कि अनशन के दौरान उनके स्वास्थ्य को किसी प्रकार की क्षति होने अथवा उनकी मृत्यु होने की स्थिति में उनके माता-पिता, पत्नी और बेटे की जिम्मेदारी महानगरपालिका एवं संबंधित प्रशासन की होगी. इस पत्र की प्रतियां अमरावती के जिलाधिकारी तथा पुलिस आयुक्त को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं.





