कार और ट्रक की भिडंत में उद्योजक किशोर काकानी की मौत

लोणी थाना क्षेत्र के अमरावती-अकोला महामार्ग की घटना

* हादसे में कार हुई चकनाचूर, मृतक मूल कामरगांव के रहने वाले
अमरावती/दि.19 – लोणी टाकली थाना क्षेत्र के अकोला महामार्ग पर मंगलवार 18 अगस्त की रात ट्रक और कार के बीच हुई भिडंत में शासकीय ठेकेदार तथा उद्योजक किशोर काकानी (58) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, हादसे में कार पूरी चकनाचूर हो गई और मृतक का शव अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने बाहर निकाला. मृतक मूल कामरगांव के रहने वाले है. लेकिन वर्तमान में वे अमरावती शहर के दशहरा मैदान के सामने रहते थे.
जानकारी के मुताबिक उद्योजक किशोर काकानी मंगलवार 18 अगस्त की रात 8.30 बजे के दौरान कामरगांव से अमरावती की तरफ कार में सवार होकर आ रहे थे. लोणी थाना क्षेत्र के होटल संधु के पास उनकी कार खडी थी. उसी समय अकोला की तरफ जानेवाले तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक एमएच-18/बीझेड-3273 ने द्विभाजक पार कर कार को जोरदार टक्कर मार दी. सडक किनारे कार खडी करने के बाद किशोर काकानी कार में ही बैठे थे. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, ट्रक के भिडंत के बाद कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. दुर्घटना की आवाज होते ही होटल में बैठे ग्राहक और महामार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोककर घटनास्थल की तरफ दौड लगाई. घटना की जानकारी लोणी पुलिस को मिलते ही थानेदार सानप अपने दल के साथ तत्काल घटनास्थल आ पहुंचे. ट्रक और कार हादसे के बाद फंस जाने से उद्योजक किशोर काकानी का शव कार से बाहर निकालने के लिए पुलिस को अथक प्रयास करना पडा. पुलिस ने शव बाहर निकालकर पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही पारश्री हॉस्पीटल के संचालक तथा मृतक के रिश्तेदार डॉ. श्रीगोपाल राठी भी घटनास्थल आ पहुंचे. इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मृतक उद्योजक किशोर काकानी की सडक दुर्घटना में मृत्यु होने से अमरावती उद्योग जगत व कामरगांव में शोक व्याप्त है. मृतक किशोर काकानी यह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुरेश काकानी के बडे भाई थे. वे अपने पीछे दो बेटे, तीन भाई, दो बहन, पत्नी का भरापूरा परिवार छोड गये है. आज बुधवार 19 अगस्त को जिला अस्पताल के शवागार में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शोकाकुल वातावरण में उनकी अंत्येष्टि की गई. इस अवसर पर राजस्थानी समाजबंधु, व्यापारी, उद्योजक, प्रतिष्ठित नागरिक समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बडी संख्या में उपस्थित रहकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

Back to top button