डोमा आश्रमशाला नई जगह पर शिफ्ट

1 सितंबर से हो जाएगी कार्यरत

* शानदार 288 बेड का नया भवन
अमरावती/दि.19 – आश्रमशालाओं को लेकर प्रदेशभर में चल रही अव्यवस्था की जोरदार चर्चा के बीच जहां नाना प्रकार की शिकायतें मिल रही है, वहीं अमरावती जिले की मेलघाट की डोमा आश्रमशाला के विद्यार्थियों हेतु अच्छा समाचार प्राप्त हुआ है. मौजूदा भवन की बजाए इस आश्रमशाला को आगामी 1 सितंबर से नई जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा, ऐसी जानकारी समाज कल्याण विभाग ने दी. मेलघाट के चिखलदरा तहसील अंतर्गत डोमा आश्रमशाला पिछले सप्ताह भूत की अफवाह के कारण चर्चा में रही. हालांकि गत शनिवार 15 अगस्त को वहां राष्ट्रध्वज फहराने का कार्यक्रम उत्साह से संपन्न हुआ. किंतु छात्राएं दोबारा घर लौट गई थी.
जानकारी के अनुसार डोमा के उस भवन की क्षमता मुश्किल से 100 छात्राओं की रहने के बावजूद वहां 300 के करीब छात्राएं रहती थी. इसलिए नए भवन में यह आश्रमशाला स्थानांतरित करने का निर्णय किया गया है. जबकि पहले के भवन में एक बेड पर तीन-तीन छात्राओं को सोना पडता था. उसी प्रकार वहां हवा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था न थी. प्रसाधन गृह भी नाकाफी थे. अब नए भवन में सभी सुविधाएं दिए जाने का दावा समाज कल्याण विभाग ने किया है. उन्होंने मेलघाट के आदिवासी लोगों से अपनी छात्राओं को आगामी 1 सितंबर से नए भवन में भेजने कहा है.
उल्लेखनीय है कि, पिछले दिनों प्रदेश शासन के आदिवासी विकास मंत्री उईके ने मेलघाट का दौरा किया था. उस समय भी उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया था. प्रदेश की आश्रमशालाएं गडचिरोली, नागपुर जिले की घटनाओं को लेकर पहले ही चर्चा में बनी हुई है. इस बीच राज्य शासन ने सभी आश्रमशालाओं के सुरक्षा और सुविधा ऑडिट किए जाने के आदेश दे रखे हैं. डोमा की आश्रमशाला से छात्राएं भूत-प्रेत के कथित डर से भयाक्रांत होकर भाग गई थी.

Back to top button