भीषण हादसे में गंभीर घायल युवक की मौत
करण कुर्हाडकर ने उपचार के दौरान तोडा दम

* जूना धामणगांव इलाके में शोक की लहर
धामणगांव रेलवे/दि.20- शहर से सटे यवतमाल बायपास मार्ग पर मंगलवार 18 अगस्त को दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए करण विश्वनाथ कुर्हाडकर (25,जूना धामणगांव) की उपचार के दौरान मौेत हो गई. इस दर्दनाक घटना से जूना धामणगांव क्षेत्र में शोक ही लहर दौड गई है.
मंगलवार, 18 अगस्त को धामणगांव बायपास मार्ग पर दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई थी. हादसे में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों ,सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. करण कुर्हाडकर की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे आगे के उपचार के लिए यवतमाल रेफर किया गया था. वहां चिकित्सकों द्बारा उसका तत्काल उपचार शुरू किया गया. लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उसने दम तोड दिया. करण के निधन की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड टूट पडा. मित्र-परिवार तथा क्षेत्र के नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. करण अपने पीछे माता-पिता ,एक भाई, एक बहन सहित भरापूरा परिवार शोकाकूल छोड गया है. बायपास मार्ग पर यातायात सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है. नागरिकों ने दुर्घटनाओं को रोकने आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाने की मांग की है.





