दो युवकों को चाकू व कोयता मारकर किया घायल

पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर हमला

* पंचशील नगर की घटना, 7 आरोपी नामजद
* फ्रेजरपुरा पुलिस कर रही मामले की जांच
अमरावती/दि.20 – स्थानीय फे्रजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत वडरपुरा के पंचशील नगर में रहनेवाले युवक पर पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर प्राणघातक हमला किया गया. इस हमले की वजह से उस युवक का मौसेरा भाई भी बीचबचाव करने के प्रयास में गंभीर रूप से घायल हुआ. यह वारदात 19 अगस्त को तडके 2.30 बजे घटित हुई. जिसकी वजह से पूरे परिसर में जबरदस्त हडकंप व्याप्त है. इस घटना को लेकर मिली शिकायत के आधार पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए 7 आरोपियों को नामजद किया है.
इस संदर्भ में पंचशील नगर परिसर निवासी एक महिला द्वारा दर्ज करायी गई शिकायत के मुताबिक, 19 अगस्त की रात वह अपने घर में अपने बेटे विशाल धनराज गडलिंग तथा बहन के बेटे विक्की निरंजन गोले (28, नवसारी) के साथ थी. तीनों ने रात 11 बजे के आसपास भोजन किया. जिसके बाद विशाल व विक्की घर के पिछले हिस्से में स्थित कमरे में सोने हेतु चले गए. रात करीब 2.30 बजे के आसपास विशाल की जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आयी. जिसके चलते वह अपने बेटे के कमरे की ओर गई और पूरे घर की लाईटें भी जला दी. उसी समय प्रेम बंडू काले, सोन्या डफाले, सोन्या बोरकर, आयुष मनोहरे, छोटा बिट्ट्या उर्फ नैतिक सचिन भोरे सहित अन्य दो युवक उसे धक्का देते हुए घर से बाहर भाग निकले. इन सभी युवकों के हाथ में चाकू व कोयते सहित लाठियां थी. इन युवकों के भाग जाने के बाद जब उक्त महिला अपने बेटे विशाल के कमरे में पहुंची तो उसे बेटे विशाल व भतिजे विक्की के कपडों पर खून लगा दिया. इस स्थिती में भी विशाल अपने कमरे से बाहर निकलकर पडोस में रहनेवाले अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा और मदद की गुहार लगाई. जिसके बाद विशाल व विक्की को तुरंत ही अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया. इस दौरान विशाल ने किसी पुराने विवाद के चलते खुद पर हमला होने की बात कही. इस हमले में विशाल के पीठ, सिर व बगल पर तेज धारदार हथियारों के वार से बने जखम पाए गए. वहीं विक्की के पीठ व पेट पर गंभीर घाव दिखाई दिए. दोनों घायलों पर जिला सामान्य अस्पताल में इलाज जारी है.
इस शिकायत के आधार पर फे्रजरपुरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 (1), 118 (2), 189 (4), 190, 191 (3) व 333 के तहत अपराधिक मामला दर्ज करते हुए 7 आरोपियों को नामजद किया है. साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए मामले की जांच पडताल की जा रही है.

Back to top button