जंगल में मिला अधेड का शव

दो दिन पहले मामूली घरेलू विवाद के चलते घर छोडा था

* शव बरामद होने के बाद परिवार में शोक की लहर
अमरावती/दि.20- शहर के उत्तम नगर क्षेत्र में रहने वाले 54 वर्षीय व्यक्ति का शव महादेवखोरी जंगल परिसर में पेड़ से लटका हुआ मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में हुए मामूली विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकल गए थे और अगले दिन उनका शव बरामद हुआ.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दिवाकर काशीराव सुखदेवे (54) निवासी उत्तम नगर, अमरावती के रूप में हुई है. बताया जाता है कि 18 अगस्त की सुबह करीब 8.30 बजे किसी घरेलू बात को लेकर उनकी पत्नी के साथ हल्का विवाद हुआ था. इसके बाद दिवाकर सुखदेवे नाराज होकर घर से निकल गए. परिजनों ने काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू की. उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन घर पर ही होने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई. रिश्तेदारों, मित्रों और परिचितों से संपर्क करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया.
इसी बीच 19 अगस्त की सुबह करीब 8.30 बजे दिवाकर के भाई राजकुमार काशीराव सुखदेवे ने परिवार को सूचना दी कि महादेवखोरी जंगल क्षेत्र की एक पहाड़ी पर उनका शव पेड़ से लटका हुआ दिखाई दिया है. खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया. घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों के अनुसार, किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि एक मामूली घरेलू विवाद इतनी दुखद परिणति तक पहुंच जाएगा. पड़ोसियों और परिचितों ने भी घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है.
पुलिस ने इस मामले में मर्ग क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 194 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों और परिस्थितियों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button