राजापेठ पुलिस ने चोरी का मामला तुरंत सुलझाया
7,440 रुपये का माल बरामद, एक नाबालिग कब्जे में

अमरावती /दि.21- राजापेठ पुलिस ने किराना दुकान के बाहर से सोयाबीन तेल के बैरल चोरी होने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए 7,440 रुपये का चोरी का माल बरामद किया है. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद चोरी का माल बरामद हुआ.
जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त को नंदा मार्केट, दस्तूर नगर रोड निवासी प्रमिला सुरेश गुप्ता ने राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता की घर के पास ही किराना दुकान है. शिकायत के मुताबिक 20 जुलाई को शाम करीब 7 बजे अज्ञात चोर दुकान के बाहर रखे स्वास्तिक कंपनी के सोयाबीन तेल के तीन बैरल चोरी कर ले गया था. तीनों बैरल की कुल कीमत 7,440 रुपये बताई गई. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर एक नाबालिग युवक को कब्जे में लेकर पूछताछ की गई, तब उसने कथित तौर पर चोरी की घटना के संबंध में जानकारी दी. पुलिस ने उसके कब्जे से स्वास्तिक कंपनी के सोयाबीन तेल के तीनों बैरल, कीमत 7,440 रुपये, बरामद कर लिए.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे और सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में थानेदार संदीप चव्हाण के नेतृत्व में जवान उमेश मुंडे, नितिन शिंदे, मनीष करपे, पवन तिवारी, पंकज खटे, रवि लिखितकर, शशि शेलके, अमोल खंडेजोड, आबिद शेख, अंकुश काले, प्रशांत बेलोरकर, अर्जुन कदम, आकाश यादव, रफीक खान और सतीश टपके के दल ने की.





