आकाशवाणी के प्रसारण जगत का आईआईएमसी के विद्यार्थियों ने लिया प्रत्यक्ष अनुभव

आईआईएमसी के विद्यार्थियों का अध्ययन दौरा

अमरावती /दि.21 – भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के विद्यार्थियों ने बुधवार 19 अगस्त को आकाशवाणी अमरावती केंद्र का दौरा किया और रेडियो प्रसारण की तकनीकी तथा कार्यक्रम निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रत्यक्ष अनुभव लिया.
अध्ययन दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने ट्रांसमीटर की कार्यप्रणाली, स्टूडियो का संचालन, कार्यक्रम निर्माण, ध्वनि रिकॉर्डिंग, उद्घोषणा कौशल, ध्वनि संपादन और प्रसारण प्रक्रिया के बारे में गहन जानकारी प्राप्त की. रेडियो कार्यक्रम तैयार करने की अवधारणा, उसकी निर्माण प्रक्रिया और कार्यक्रम किस प्रकार श्रोताओं तक पहुंचता है, इसकी पूरी प्रक्रिया को विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से समझा. इस अवसर पर आकाशवाणी अमरावती के केंद्र प्रमुख भैयालाल टेकाम, कार्यक्रम अधिकारी आशीष गावंडे और इंजीनियरिंग सहायक गणेश देशमुख ने विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की जानकारी दी. विद्यार्थियों ने प्रसारण क्षेत्र की तकनीकी बारीकियों और कार्यक्रम निर्माण से जुड़े सवाल पूछकर अतिरिक्त जानकारी प्राप्त की. अध्ययन दौरे के माध्यम से विद्यार्थियोंने अनुभव किया की आज भी रेडियो की विश्वसनीयता, श्रोताओं के साथ उसका जुड़ाव और समाज में जागरूकता फैलाने की भूमिका महत्वपूर्ण है. प्रसारण में सटीकता, प्रभावी उद्घोषणा और कार्यक्रम निर्माण के पीछे की योजना का महत्व भी विद्यार्थियों ने समझा.
आईआईएमसी में पत्रकारिता शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर हमेशा जोर दिया जाता है. विद्यार्थियों को समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया तथा आधुनिक तकनीक का प्रत्यक्ष परिचय कराने के लिए क्षेत्रीय दौरे, कार्यशालाएं और विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसे विभिन्न उपक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इससे विद्यार्थियों को मीडिया के वास्तविक कार्यप्रणाली की व्यवहारिक समझ प्राप्त होती है. क्षेत्रीय निदेशक प्रा. डॉ. राजेशसिंह कुशवाहा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अध्ययन दौरे में डॉ. विनोद निताले, जयंत सोनोने और रोहन तायडे शामिल रहें. इस अवसर पर पत्रकारिता पाठ्यक्रम के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

Back to top button