नागपुर में नवजात बच्ची की चोरी

योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर अपहरण

* सरकारी अस्पताल की घटना से मचा हडकंप
नागपुर/दि.21 – नागपुर में स्थित डागा स्मृति शासकीय महिला अस्पताल से नवजात बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है. प्रसूति के कुछ ही घंटों बाद एक अज्ञात बुर्काधारी महिला शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर बच्ची को अस्पताल से लेकर फरार हो गई. घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, गोलीबार चौक निवासी प्रभातशक्ति पाठराबे (30) को प्रसव के लिए डागा अस्पताल में भर्ती कराया गया था. गुरुवार देर रात उनकी सामान्य प्रसूति हुई और उन्होंने एक पुत्री को जन्म दिया. शुक्रवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच बुर्का पहने एक अज्ञात महिला प्रसूता के परिजनों के पास पहुंची और नवजात को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करने की बात कही. महिला ने आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाकर परिवार का विश्वास जीता और बच्ची की दादी को अपने साथ लेकर अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की ओर गई. कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद उसने आवेदन भरकर आने की बात कहकर दादी को वहीं रुकने को कहा और नवजात बच्ची को लेकर फरार हो गई.
काफी देर तक महिला के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद बच्ची के अपहरण की आशंका जताते हुए अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी. वहीं नवजात बच्ची के गायब होने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्ची और आरोपी महिला का जल्द पता लगाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है. यह घटना सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है.

Back to top button