मेरे बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार है महर्षि पब्लिक स्कूल
मृतक छात्र के पिता बाबू बेठेकर ने लगाया आरोप

* आदिवासी प्रकल्प अधिकारी कार्यालय को भी बताया जिम्मेदार
* गाडगेनगर पुलिस थाने पहुंचकर दर्ज करायी शिकायत
अमरावती/दि.21 – चिखलदरा तहसील के कारंजखेडा निवासी आदिवासी छात्र राजेश बाबू बेठेकर की मौत के मामले में उसके पिता बाबू साबुलाल बेठेकर ने महर्षि पब्लिक स्कूल के संचालक मंडल व धारणी स्थित आदिवासी प्रकल्प अधिकारी कार्यालय को जिम्मेदार बताते हुए संबंधितों के खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग उठायी. साथ ही बाबू बेठेकर ने संबंधितों के खिलाफ गाडगेनगर पुलिस थाना पहुंचकर अपनी शिकायत भी दर्ज करायी.
गाडगेनगर पुलिस थाने में दी गई शिकायत में बाबू बेठेकर ने बताया कि, उनका बेटा राजेश बेठेकर को आदिवासी विभाग की योजना के तहत कक्षा पहली से महर्षि पब्लिक स्कूल में प्रवेश मिला था. जहां से उसने आगे चलकर कक्षा 10वीं की परिक्षा उत्तीर्ण की थी और इस समय राजेश बेठेकर महर्षि पब्लिक स्कूल में ही कक्षा 11वीं विज्ञान शाखा का छात्र था. विगत 14 अगस्त को राजेश की तबियत काफी खराब थी और उसने 15 अगस्त को अपने बडे भाई आशीष बेठेकर को फोन पर बताया था कि उसके सिर व पेट में दर्द हो रहा है. जिसके चलते 16 अगस्त को आशीष बेठेकर अपने भाई से मिलने महर्षि पब्लिक स्कूल पहुंचा. जहां पर छात्रावास के कमरे में राजेश बेठेकर बेहद कमजोर हालत में अकेला पड़ा मिला.
परिजनों का आरोप है कि राजेश ने अपने भाई को बताया कि वह पिछले दो दिनों से भूखा था तथा स्कूल प्रबंधन ने उसकी बीमारी के बावजूद न तो कोई दवा उपलब्ध कराई और न ही उसे डॉक्टर के पास उपचार के लिए ले जाया गया. जब आशिष ने छात्रावास अधीक्षिका से इस बारे में पूछताछ की तो कथित तौर पर उसे राजेश को कुछ दिनों की छुट्टी लेकर घर ले जाने की सलाह दी गई.
शिकायत के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने आशिष से छुट्टी का आवेदन लिखवाकर 16 अगस्त की दोपहर राजेश को उसके भाई के साथ गांव भेज दिया. बस से यात्रा के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई. रात करीब साढ़े नौ बजे गांव के समीप पहुंचने पर उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी. परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए हातरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां भी समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिली. शिकायत में कहा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र के बाहर लगभग 20 से 25 मिनट तक तड़पने के बाद राजेश की मौत हो गई.
पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में महर्षि पब्लिक स्कूल के संचालक प्रशांत राठी, स्कूल प्रबंधन तथा संबंधित अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.





