बंद मकान में सेंध लगाकर ढाई लाख रुपए उडाये

राजापेठ थाना क्षेत्र के नंदनवन कालोनी की घटना

अमरावती/दि.22 – घर को ताला लगाकर किसी काम से बाहरगांव गये युवक के फ्लैट में सेंध लगाकर अज्ञात चोर ने नकद ढाई लाख रुपए उडा लिये. यह घटना राजापेठ थाना क्षेत्र के नंदनवन कालोनी के संस्कार आनंद रेसिडेंसी में 16 से 21 अगस्त के दौरान घटित हुई. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक नंदनवन कालोनी के संस्कार आनंद रेसिडेंसी के फ्लैट नंबर 301 में रहने वाला रिषभ श्रीकांत खोडे (23) 16 अगस्त से घर को ताला लगाकर बाहरगांव गया था. घर में लगाये सीसीटीवी कैमरे के जरिए वह अपने मोबाइल से घर पर नजर रखता था. 20 अगस्त की रात 11 बजे के दौरान रिषभ खोडे ने मोबाइल से अपने घर का निरीक्षण किया, तब उसे अपने घर के सीसीटीवी कैमरे बंद दिखाई दिये. इस कारण उसने अपने दोस्त से संपर्क कर घर जाकर देखने कहा. रिषभ का दोस्त घर पहुंचा, तब उसे घर के दरवाजे खुले हुए और ताले टूटे नजर आये. इस कारण रिषभ खोडे 21 अगस्त को घर पहुंचा. घर का सामान सारा अस्त-व्यस्त पडा था. अलमारी खोलकर देखी, तो उसमें से 2 लाख 50 हजार रुपए नकद गायब दिखाई दिये. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 (अ), 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button