दरोगा प्लॉट की जर्जर अस्पताल इमारत गिराने का प्रस्ताव मंजूर
शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे की पहल

* जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बनेगा सुसज्जित अध्ययन कक्ष व पुस्तकालय
अमरावती/दि.24– दरोगा प्लॉट क्षेत्र के नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है. 20 अगस्त को हुई अमरावती मनपा की आमसभा में दरोगा प्लॉट स्थित मनपा के पुराने और जर्जर अस्पताल भवन को गिराने का प्रस्ताव मंजूर किया गया. मनपा शिक्षा सभापति एवं पार्षद एड. प्रीति रेवणे के विशेष प्रयासों से यह निर्णय लिया गया.
मनपा का अस्पताल पहले ही अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा चुका है. इसके बाद उक्त इमारत लंबे समय से उपयोग के बिना पड़ी थी. इमारत जर्जर होने के कारण आसपास के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी. नागरिकों द्वारा लगातार की जा रही मांग को गंभीरता से लेते हुए एड. प्रीति रेवणे ने इमारत को गिराने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया, जिसे आमसभा में मंजूरी मिल गई.
* विद्यार्थियों के लिए होगा उपयोग
जर्जर इमारत को गिराने के बाद खाली होने वाली जगह का उपयोग क्षेत्र के विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के लिए करने का प्रस्ताव है. यहां जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए सुसज्जित अध्ययन कक्ष और पुस्तकालय तैयार करने का मानस शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे ने व्यक्त किया है. इस सुविधा से क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ ही स्कूल एवं महाविद्यालयीन पढ़ाई के लिए शांत और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा. युवा स्वाभिमान पार्टी के विशेष प्रयास और मनपा शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे की पहल से नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग को मंजूरी मिली है. जर्जर एवं अनुपयोगी इमारत को हटाकर उसी स्थान का उपयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए करने का यह निर्णय क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.





