ऑटोचालकों की बैठक में मराठी सक्ती और ट्रैफिक विभाग के दंड का विरोध

अमरावती/दि.24 – महाराष्ट्र सरकार द्वारा केवल ऑटोचालकों पर मराठी भाषा में बोलने की कथित अनिवार्यता किए जाने के विरोध में अमरावती शहर के ऑटोचालक पदाधिकारियों की बैठक विदर्भ ऑटोचालक फेडरेशन के संस्थापक नितीन मोहोड के निवास पर आयोजित की गई.
बैठक में मराठी भाषा की कथित सक्ती के साथ ही शहर ट्रैफिक विभाग की ओर से ऑटोचालकों को दिए जा रहे 10 हजार रुपये तक के दंड के मेमो, शहर में ऑटो स्टॉप की संख्या बढ़ाने तथा अनधिकृत बसों और ट्रैक्स के कारण ऑटो स्टॉप पर होने वाली भीड़ सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई. बैठक में तय किया गया कि आगामी एक माह के भीतर रविवार के दिन शहर के ऑटो दो घंटे बंद रखकर एक सार्वजनिक सभा आयोजित की जाएगी. इस सभा के लिए पालकमंत्री, विधायकों, पुलिस आयुक्त, मनपा आयुक्त तथा आरटीओ अधिकारियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक के दौरान नितीन मोहोड ने गंभीर बीमारी से उपचार करा रहे ऑटोचालक अजय गणवीर की आर्थिक सहायता के लिए ऑटोचालकों से सहयोग की अपील की. इस अपील के बाद महज 10 मिनट में ऑटोचालकों ने 10 हजार रुपये की सहायता राशि एकत्रित कर अजय गणवीर को आर्थिक मदद प्रदान की. बैठक में पंकज सूर्यवंशी, संतोष सोनटक्के, गुड्डू भाई, सिद्दीक भाई, बाबू गणवीर, छोटू तिवारी, राजेश सोनवणे, संतोष भंडारकर, संतोष शेरेकर, शामलाल यादव, सतीश शिरभाते, अमोल ठाकरे, इकबाल भाई, फारुख भाई, पुरुषोत्तम खांडेकर, अतुल चौधरी, शिवा जाधव, सुनील घरडे, बंडू शेंडे, राजू किरनाके, सैद बेग, अक्षय पोकले, इसराईल नौरंगाबादी, कमर भाई, इक्बाल भाई, नासीर भाई, विजू मोहोड और नितीन ढाले सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.





