तपोनेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार, मोती-कौड़ियों और स्वर्ण आभूषणों से सजा शिवलिंग

श्रावण शुक्ल एकादशी पर विधिवत गणेश पूजन, कलश पूजन, लक्ष्मीनारायण पूजन एवं रुद्राभिषेक

अमरावती /दि.24– श्रावण मास शुक्ल पक्ष की एकादशी के पावन अवसर पर रविवार को बोडाणा स्थित श्री तपोनेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अत्यंत मनमोहक, भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया. इस अवसर पर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठा.
सुबह 5.24 बजे विधिवत गणेश पूजन, कलश पूजन, लक्ष्मीनारायण पूजन, शिवपूजन एवं रुद्राभिषेक ब्राह्मणों द्वारा संपन्न कराया गया. इसके बाद भगवान तपनेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया. इस विशेष श्रृंगार में श्वेत मोतियों, चांदी, स्वर्ण आभूषणों और सफेद कौड़ियों का कलात्मक संयोजन किया गया. सफेद कौड़ियों को मोतियों एवं स्वर्णिम अलंकरणों के साथ सजाया गया, जिससे भगवान शिव का स्वरूप पारंपरिक होने के साथ ही अत्यंत आकर्षक और दिव्य नजर आया. शिवलिंग के चारों ओर मोतियों की कई परतों से सुंदर सजावट की गई. मध्य भाग में स्वर्णिम अलंकरण के साथ मोतियों और कौड़ियों की सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही.
शिवलिंग के ऊपर नागदेवता का रजत आभूषणों से सुसज्जित फणाकार स्वरूप विराजमान किया गया. वहीं ॐ, त्रिशूल, स्वस्तिक सहित विभिन्न मंगलकारी धार्मिक चिह्नों से किया गया अलंकरण पूरे श्रृंगार को आध्यात्मिक और मंगलमय स्वरूप प्रदान कर रहा था. मोतियों की चमक, सफेद कौड़ियों की प्राकृतिक सुंदरता, चांदी की आभा और स्वर्णिम अलंकरणों का संगम भगवान शिव के दिव्य स्वरूप को और निखार रहा था. श्रद्धालुओं ने इस मनोहारी श्रृंगार के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति एवं भक्ति की अनुभूति की. इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे. इनमें श्रीकांत गुप्ता, सुनील साहू, दीप रेड्डी, कृष्णा टापरे, कृष्णा साहू, मंगेश जतरिया, रत्नेश जतरिया, ऋषि गुप्ता, धनेश्वर किलेकर, किशोर गुप्ता, सागर गुप्ता, पंडित अनमोल तिवारी, करण आहूजा, ध्रुव पंजाबी, अतुल बकाले, शुभम वाणी, प्रियंका गुप्ता, मालती साहू, सोनाली रेड्डी, धनश्री टापरे, विशाखा साहू, सोनम जतरिया, हर्ष जतरिया, श्रुति गुप्ता, रीना कोपले सहित अन्य भक्तगण उपस्थित थे.

Back to top button