साहू का 25 टन चावल, 6 टन गेहूं जब्त

वलगांव रोड पर पकडा गोदाम

* आरोपी अजय साहू के पास नहीं कोई लाईसेंस
* आपूर्ति विभाग निरीक्षक द्वारा कार्रवाई
अमरावती/दि.24 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र के वलगांव रोड पर नवसारी पॉवर हाउस के सामने जमीर मन्सूरी की जगह पर बने टीन शेड गोदाम पर आपूर्ति विभाग ने छापा मारा. वहां गैरकानूनी रुप से रखे गए 25 टन चावल के बोरे और 6 टन गेहूं जब्त किया गया. यह सरकारी राशन का अनाज होने और आरोपी अजय झुनीलाल साहू (65, मसानगंज) के पास कोई प्रकार का परवाना नहीं होने से पुलिस ने अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है.
पुलिस और आपूर्ति विभाग ने बताया कि, जमीर मन्सूरी की निजी जमीन पर स्थित गोदाम में चावल का भंडारण किए जाने की भनक लगी थी. जिसकी विभिन्न प्रकार से छानबीन की गई और सूचना सही पाने के बाद गत 17 अगस्त की शाम आपूर्ति निरीक्षक प्रवीण राऊत और उनके दल ने छापा मारा. वहां बडे प्रमाण में अनाज का स्टॉक देखा गया. पंचों के सामने 3 हजार वर्ग फुट के गोदाम में देखा गया कि, रंगबिरंगी प्लास्टिक के पोते में 30 टन से अधिक माल रखा गया है. माल ट्रकों में भरकर उसका एदलजी धोतीवाला के धर्म कांटे पर वजन किया गया. उपरोक्त मात्रा में गेहूं और चावल बरामद हुए. पुलिस ने अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 (2) (डी), 3 (2) (आय), 3, 7 अंतर्गत अपराध दर्ज किया है. पुलिस जांच जारी है. जब्त माल का मूल्य 14 लाख रुपए बताया गया है.

Back to top button