बडनेरा रोड पर नेमानी गोदाम के सामने निर्माणाधीन भवन में वारदात
चिकन सब्जी फीकी बन गई, झगडा बढा, महिला की भीषण हत्या

* आरोपी मजदूर रह रहा था लिव इन में
अमरावती/दि.24 – बडनेरा रोड के नेमानी गोदाम के सामने निर्माणाधीन मंगल कार्यालय की इमारत परिसर में रविवार रात 11.30 बजे चिकन सब्जी फीकी बन जाने के झगडे में लिव इन पार्टनर ने महिला साथी की सिर पर ईंट मारकर भीषण हत्या कर दी. बडनेरा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी राजेश भोलाराम काकोडिया (32, चिरा, भैसदेही, जि. बैतूल) की तलाश शुरु की है. इस संबंध में सहयोगी मजदूर रोहित भुसूम ने थाने में शिकायत दी.
* पांच वर्षों से साथ
रोहित भुसूम ने पुलिस शिकायत में बताया कि, वे लोग बडनेरा रोड के उपरोक्त स्थान पर गत महिनेभर से काम कर रहे हैं और वहीं टीन के झोपडी में रहते है. उसके साथ राजेश उर्फ अनिल भोलाराम काकोडिया भी रहता है. राजेश के साथ ममता संजू येडपाचे (35) पिछले पांच वर्षों से रह रही थी. राजेश उर्फ अनिल भी ठेकेदार चंद्रकांत अंबादे (39, गौतम नगर) के पास काम कर रहा था.
* सिर पर दें मारी ईंट
रोहित भुसूम ने पुलिस शिकायत में बताया कि, कल रात 11.30 बजे के आसपास जब वह अपनी झोपडी में भोजन के बाद सो रहा था, अचानक उसे राजेश और ममता के बीच जोरदार झगडे की आवाजे सुनाई दी. वह बाहर निकला, तो देखा पलंग पर ममता खून से लथपथ पडी थी. राजेश से पूछा कि, क्या हुआ, तो उसने बताया कि, चिकन की सब्जी बनाई थी. उसके बाद वह और ममता भोजन कर रहे थे. सब्जी फीकी बनी थी. जिससे ममता ने उससे झगडा कर गाली-गलौज की. थाली में रखी चिकन सब्जी की हड्डी फेंककर मारी. जिससे गुस्साए राजेश उर्फ अनिल ने पास ही पडी ईंट ममता के सिर पर जोर से दे मारी. ममता का सिर फूट गया, वह अचेत हो गई. पलंग पर गिर गई.
* ले दौडे इर्विन, टांके लगाए
राजेश के कहने पर विश्वास कर रोहित भुसूम ने तुरंत ठेकेदार चंद्रकांत अंबादे को बताया. वहां चौकीदार संजय रामदास इंगले और प्रेमदास लोणारे भी रोहित के साथ आ गए थे. राजेश ने ममता को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई. वहां टाटा-एस गाडी में ममता को डालकर इर्विन ले जाने लगे. गाडी चलाने के लिए मिथुन दशरथ म्हात्रे को बुलाया गया. सभी ने बुरी तरह घायल ममता को किसी तरह जिला अस्पताल इर्विन पहुंचाया. वहां डॉक्टर्स ने उसकी जांच कर माथे पर टाके लगाए. किंतु थोडी ही देर में ममता की उपचार दौरान मृत्यु हो जाने की जानकारी डॉक्टर्स ने रोहित भुसूम और सभी को दी. पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत अपराध दर्ज कर छानबीन शुरु की है. आरोपी को पकडा जा रहा है. हत्याकांड से सनसनी मची है.





