एमपीएससी पेपर लीक प्रकरण

संचालक समेत पांच लोग हिरासत में

नंदुरबार /दि.27- महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग की औषध निरीक्षक पद की परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. नंदुरबार की कौटिल्य अकादमी से पेपर लीक होने का आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने अकादमी के संचालक समेत पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इस मामले में करीब 5 लाख रुपए के लेन-देन की बात भी सामने आ रही है. पुलिस ने कौटिल्य अकादमी के संचालक प्रवीण पाटील, औषध निरीक्षक परीक्षा में उत्तीर्ण ऋतुजा पाटील, गौरव पाटील, ऋतुजा के पिता अमृत पाटील और गौरव के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. मामले में नंदुरबार से और भी आरोपियों की गिरफ्तारी होने की संभावना जताई जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक के पीछे प्रेम संबंध का एंगल भी जांच के दायरे में है. पुलिस गौरव पाटील उर्फ लकी पाटील के मोबाइल फोन की जांच करने वाली है. मुंबई पुलिस गौरव के मोबाइल को अपने कब्जे में लेने के लिए उसके पिता को साथ लेकर नंदुरबार आने की संभावना है. मोबाइल की जांच से मामले में महत्वपूर्ण सबूत मिलने की उम्मीद है. इस मामले में एमपीएससी के सहायक कक्ष अधिकारी गोपाल मराठे का नाम भी सामने आया है. गोपाल मराठे नंदुरबार तालुका के धामलोड गांव के रहने वाले हैं और उन्होंने नंदुरबार की कौटिल्य अकादमी से एमपीएससी पूर्व परीक्षा की तैयारी की थी. पुलिस इस कनेक्शन की भी जांच कर रही है.

Back to top button