मानसरोवर यात्रा पर गए 80 महाराष्ट्र के पर्यटक बाढ़ में फंसे

सिर्फ चार से संपर्क, उनमें दो महिलाएं चिंताजनक दशा में

मुंबई/दि.27 – नेपाल में आए भीषण जलप्रलय के बाद महाराष्ट्र के 80 पर्यटकों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है. इनमें से अब तक केवल चार पर्यटकों से संपर्क हो सका है. महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं तथा लापता पर्यटकों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं. नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद नदियों में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही मची है. बाढ़ के पानी में कई गांव, मकान, पुल और अन्य निर्माण बह गए हैं. इस प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने और कई लोगों के लापता होने की खबर है.
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र से करीब 80 पर्यटक मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गए थे. ये पर्यटक रिचा टूर ट्रैवल्स की दो गाड़ियों से यात्रा कर रहे थे. इनमें से अब तक केवल चार लोगों से संपर्क हो पाया है. महाजन ने बताया कि जिन चार पर्यटकों से संपर्क हुआ है, वे सुरक्षित हैं.
* 24 घंटे अलर्ट मोड पर सरकार
गिरीश महाजन ने कहा कि नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों की जानकारी जुटाई जा रही है. जिलाधिकारियों को भी अपने-अपने स्तर पर जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं. केंद्र सरकार और दिल्ली प्रशासन के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है. साथ ही नेपाल सरकार के अधिकारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है. महाजन ने बताया कि उनके परिचित एक परिवार के लोग भी कुछ दिन पहले नेपाल गए थे. उनकी गाड़ी में करीब 37 लोग हैं, लेकिन इनमें महाराष्ट्र के कितने लोग हैं, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. इनमें आंध्र प्रदेश और दक्षिण भारत के अन्य राज्यों के पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं.
* नाते-रिश्तेदारों की जानकारी तुरंत दें
मंत्री गिरीश महाजन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके परिवार, रिश्तेदार, पड़ोसी या परिचितों में से कोई व्यक्ति मानसरोवर या नेपाल यात्रा के लिए गया है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें. उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी मिलने पर लापता लोगों का पता लगाने में मदद मिलेगी.

Back to top button