प्रेमीयुगल का कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास, प्रेमी की मौत
नागरिकों द्वारा बचाये जाने के बाद युवती ने जहर गटका

मुर्तिजापुर/दि.28- अकोला जिले के मूर्तिजापुर तहसील में आने वाले माना थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को सुबह 10 बजे के दौरान प्रेमीयुगल ने कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया. इसमें 25 वर्षीय प्रेमी अनिश शरद चव्हाण की मृत्यु हो गई. नागरिकों ने अथक प्रयासों से युवती को बचा लिया. लेकिन बाद में युवती ने जहर गटक लिया. उसे अकोला के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस घटना के बाद गांव में तनाव निर्माण होने से पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है.
जानकारी के मुताबिक अनिश और संबंधित युवती गुरुवार को सुबह गांव के बाहर मिले. मुलाकात के बाद दोनों ने एक खेत के कुएं में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. यह बात ध्यान में आते ही परिसर के नागरिक घटनास्थल की तरफ दौड पडे. उन्होंने युवती को बचा लिया. लेकिन अनिश की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई. पश्चात संबंधित युवती ने घर पहुंचकर जहर गटक लिया. उसे पहले मुर्तिजापुर के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया. लेकिन हालत गंभीर रहने से उसे अकोला के शासकीय अस्पताल में रेफर किया गया है.





