नेपाल में फंसे नागपुर के 110 श्रद्धालु सुरक्षित

वापसी के लिए विशेष व्यवस्था

* काठमांडू में ठहरे सभी यात्री सुरक्षित
* प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में
* आज भारत पहुंचने की संभावना
मुंबई/नागपुर/दि.28 – नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और आपदा की खबरों के बीच नागपुर जिले के 110 नागरिकों को लेकर राहतभरी जानकारी सामने आई है. महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नेपाल के काठमांडू में धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा पर गए नागपुर जिले के सभी 110 नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उनकी स्वदेश वापसी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
जानकारी के अनुसार, यह समूह 22 अगस्त 2026 को श्री स्वामी महाराज समूह के साथ धार्मिक एवं पर्यटन यात्रा के लिए नेपाल गया था. इस दल में बड़ी संख्या में ज्येष्ठ नागरिक (वरिष्ठ नागरिक) शामिल हैं. 26 अगस्त को नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा का इन यात्रियों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और नागपुर जिला प्रशासन के अनुसार सभी यात्री वर्तमान में काठमांडू स्थित माहेश्वरी समाज भवन में सुरक्षित रूप से ठहरे हुए हैं. नेपाल प्रशासन द्वारा भी उन्हें आवश्यक सुविधाएं और हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रशासन लगातार यात्रियों से संपर्क बनाए हुए है तथा उनकी स्थिति की नियमित जानकारी ली जा रही है. नागपुर में मौजूद उनके परिजनों को भी समय-समय पर स्थिति से अवगत कराया जा रहा है, जिससे परिवारों की चिंता काफी हद तक कम हुई है.
* बसों की वैकल्पिक व्यवस्था, वापसी यात्रा शुरू
नेपाल में बाढ़ के कारण पूर्व निर्धारित परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने के बाद नेपाल प्रशासन के सहयोग से यात्रियों के लिए वैकल्पिक बसों की व्यवस्था की गई. इसके तहत सभी नागरिक 27 अगस्त को काठमांडू से जनकपुर के लिए रवाना हुए. योजना के अनुसार यह समूह 28 अगस्त की सुबह जनकपुर पहुंचेगा, जहां से नेपाल-भारत सीमा पार कर बिहार में प्रवेश करेगा. इसके बाद यात्रियों को पटना पहुंचाया जाएगा.
* दानापुर से नागपुर के लिए ट्रेन की व्यवस्था
प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षित घर वापसी के लिए आगे की यात्रा भी सुनिश्चित कर दी है. सभी नागरिकों के लिए 28 अगस्त को दानापुर रेलवे स्टेशन से नागपुर जाने वाली रेलगाड़ी की व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन पूरे यात्रा कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रत्येक चरण की निगरानी कर रहा है.
* परिजनों से भी लगातार संपर्क
नागपुर जिला प्रशासन ने यात्रियों के परिजनों से भी संपर्क बनाए रखा है. प्रशासन के संपर्क में रहने वाले प्रमुख परिजनों में अंकुश लुडेकर (प्रेमनगर, इतवारी, नागपुर) तथा आशितोष चौधरी (मानेवाड़ा, नागपुर) शामिल हैं. इनके माध्यम से भी यात्रियों की सुरक्षा की पुष्टि हुई है.
* प्रशासन ने नागरिकों को किया आश्वस्त
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि नेपाल की मौजूदा परिस्थितियों के बावजूद नागपुर जिले के सभी 110 नागरिक सुरक्षित हैं. उनकी वापसी यात्रा के लिए आवश्यक समन्वय, परिवहन व्यवस्था और निगरानी की जा रही है. प्रशासन का लक्ष्य सभी यात्रियों को सकुशल नागपुर पहुंचाना है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जब तक सभी यात्री सुरक्षित अपने घर नहीं पहुंच जाते, तब तक उनकी यात्रा पर लगातार नजर रखी जाएगी.

Back to top button