‘दादा, आज तुम साथ नहीं हो…

राखी पर बहन सुप्रिया सुले हुईं भावुक

* दिवंगत भाई अजितदादा को किया याद
मुंबई /दि.28- रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने दिवंगत भाई अजित पवार को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बचपन की यादों को ताजा करते हुए भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी भावनाएं व्यक्त कीं. सांसद सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में लिखा कि इस बार रक्षाबंधन पर भाई का साथ न होना मन को बेहद बेचैन कर रहा है. उन्होंने करीब सात महीने पहले हुई उस दुखद घटना को याद किया, जिसके बाद अजित पवार परिवार के बीच नहीं रहे. उन्होंने कहा कि उनके अचानक चले जाने की वास्तविकता पर आज भी विश्वास नहीं होता.
* ‘अब भी लगता है, अचानक कहीं से आ जाओगे’
सांसद सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में बचपन की यादों का उल्लेख करते हुए कहा कि साथ बड़े होते समय दोनों के बीच होने वाली नोकझोंक, एक-दूसरे के प्रति प्रेम और गर्व ही उनके रिश्ते की मजबूत नींव थी. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि आज भी ऐसा लगता है कि अजित पवार कहीं से अचानक आएंगे, राखी बंधवाएंगे, बहनों के साथ बैठकर बातचीत करेंगे और फिर परिवार के बीच घुल-मिल जाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि अजित पवार के न रहने से जो खालीपन पैदा हुआ है, वह कभी भर नहीं सकता. उन्होंने प्रार्थना की कि वे जहां भी हों, उनका प्रेम और आशीर्वाद हमेशा परिवार के साथ बना रहे.
* सोशल मीडिया पर भी भावुक प्रतिक्रियाएं
सांसद सुप्रिया सुले की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं व्यक्त कीं. लोगों ने भाई-बहन के रिश्ते और अजित पवार के साथ सुप्रिया सुले की पुरानी तस्वीरों एवं यादों का उल्लेख करते हुए संवेदना व्यक्त की. रक्षाबंधन के अवसर पर पवार परिवार के भाई-बहन के रिश्ते की चर्चा हर वर्ष होती रही है. इस बार अजित पवार के निधन के बाद पहला रक्षाबंधन होने के कारण परिवार और समर्थकों के लिए यह अवसर भावनात्मक बन गया.

Back to top button