रक्षाबंधन पर मायके जा रही मां-बेटी की सड़क हादसे में मौत

बुलढाणा के संग्रामपुर तहसील में बोलेरो और बाइक की टक्कर

* भाई-भांजा गंभीर घायल, आक्रोशित लोगों ने वाहन में लगाई आग
बुलढाणा/दि.29- रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मायके जा रही एक महिला और उसकी मासूम बेटी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला का भाई और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा बुलढाणा जिले के संग्रामपुर तहसील अंतर्गत टुणकी-लाडणापूर मार्ग पर हुआ. पुलिस के अनुसार, सपना संजय वास्कले (28) और उनकी एक वर्षीय पुत्री उर्मी उर्फ पूर्वी वास्कले निवासी जसांदी, तहसील शाहपुर, जिला बुरहानपुर (मध्य प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सपना का तीन वर्षीय पुत्र सनवीर वास्कले तथा उनके भाई कमलेश भुरा चंगल गंभीर रूप से घायल हो गए.
बताया गया है कि सपना वास्कले अपने भाई कमलेश के साथ मोटरसाइकिल से रक्षाबंधन मनाने के लिए अकोला जिले के बोरवा गांव जा रही थीं. उनके साथ दोनों बच्चे भी थे. इसी दौरान टुणकी-लाडणापूर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. घटना से नाराज लोगों ने बोलेरो वाहन में आग लगा दी, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई.
मृतका के परिजन हिरालाल अनारसिंग वास्कले की शिकायत पर पुलिस ने बोलेरो चालक रवि गोखले के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप है. मामले की जांच सोनाला पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप काले कर रहे हैं.
रक्षाबंधन जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है.

Back to top button