नशामुक्त अमरावती के लिए निकली जागरूकता रैली
सैंकडो लोग हुए शामिल, नेशनल स्पोर्ट्स डे पर पुलिस और एचवीपीएम की पहल

800 विद्यार्थी और 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल
अमरावती /दि.31– नेशनल स्पोर्ट्स डे के अवसर पर अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय और श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल की ओर से ‘नशामुक्त अमरावती अभियान’ के तहत शनिवार को ड्रग्स के खिलाफ जनजागरूकता रैली निकाली गई. रैली में करीब 800 विद्यार्थियों और 200 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्स्फूर्त रूप से हिस्सा लिया.
श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल परिसर से शुरू हुई रैली को पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य और पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रैली के दौरान ‘नशामुक्त अमरावती’ और ‘नशे की लत छोड़ो, स्वस्थ जीवन अपनाओ’ जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया.
* खेलों से जुड़ें, नशे से दूर रहें
रैली के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि खेल स्वस्थ जीवन की कुंजी हैं. नशे की लत से दूर रहकर युवाओं को खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ना चाहिए. साथ ही अमरावती शहर को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने की अपील की गई. रैली श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल से राजकमल चौक तक निकाली गई. राजकमल चौक पर विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों का प्रदर्शन किया. इन प्रदर्शनों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के महत्व को रेखांकित किया गया. कार्यक्रम का समापन ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य, पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, डॉ. माधुरी चेंडके, प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास देशपांडे, डॉ. संजय तीरथकर, एड. प्रशांत देशपांडे सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, एचवीपीएम के कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे.





