पंचवटी चौक पर निजी वाहनों की मनमानी, ट्रैफिक पुलिस बनी मूकदर्शक

व्यस्त चौराहे पर रोजाना जाम से परेशानी

* अवैध पार्किंग और निजी बसों की मनमानी दुर्घटना को दे रही न्योता
अमरावती/दि.1- शहर के प्रमुख पंचवटी चौक पर इन दिनों यातायात व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है. चौराहे पर रोजाना निजी बसों, ऑटो और अन्य वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बन रही है. हैरानी की बात यह है कि यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों का खुलेआम उल्लंघन होता दिखाई दे रहा है.
पंचवटी चौक पर कभी-कभार एक-दो यातायात पुलिसकर्मी तैनात दिखाई देते हैं, लेकिन आरोप है कि उनकी मौजूदगी के बावजूद निजी ट्रांसपोर्ट संचालकों की मनमानी पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती. कई बार यातायात कर्मचारी मोबाइल फोन में व्यस्त नजर आते हैं, जबकि चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लगती रहती हैं.
* डढ बसों के लिए तय जगह पर निजी बसों का कब्जा
मोर्शी और नागपुर की ओर जाने वाली एसटी बसों के लिए निर्धारित स्थान होने के बावजूद निजी ट्रैवल्स की बसें उसी जगह खड़ी कर दी जाती हैं. निजी बसों के रास्ता रोककर खड़े रहने के कारण एसटी बसों को आगे जाकर रुकना पड़ता है. इससे सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों से घिर जाता है और यात्रियों तथा विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पंचवटी चौक पर कई बार ऐसा दृश्य दिखाई देता है कि एक एसटी बस निजी ट्रैवल्स बस के पीछे फंस जाती है और उसके पीछे ऑटो की कतार लग जाती है. इससे कुछ ही समय में चौराहे पर यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाता है.
* अवैध पार्किंग से बढ़ रहा हादसे का खतरा
निजी ट्रांसपोर्ट संचालकों के बीच यात्रियों को लेकर प्रतिस्पर्धा, एसटी बसों के लिए जगह की कमी और ऑटो की बेतरतीब पार्किंग ने स्थिति को गंभीर बना दिया है. ये सब गतिविधियां यातायात पुलिस की आंखों के सामने होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वाहन चालक बेखौफ नजर आते हैं. सड़क पर आधे हिस्से तक वाहनों के खड़े रहने से पैदल यात्रियों, विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है. ऐसे में किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है.
* पंचवटी में पुलिस की जरूरत
एक ओर पंचवटी चौक जैसे व्यस्त चौराहे पर रोजाना यातायात का दबाव बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अपेक्षाकृत सुनसान बाबा चौक पर तीन यातायात अधिकारियों की तैनाती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर सबसे अधिक यातायात दबाव है, वहां पर्याप्त पुलिस व्यवस्था और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है. पंचवटी चौक की लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए नागरिकों ने निजी बसों और ऑटो की अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई करने तथा एसटी बसों के लिए निर्धारित स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.

Back to top button