अमरावती-मुंबई विमान सेवा फिर पांच दिन होगी शुरू

4 अक्टूबर से रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान

* समय में कोई बदलाव नहीं
अमरावती/दि.2– अमरावती के बेलोरा एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाले विमान यात्रियों के लिए राहत की खबर है. अलायंस एयर की अमरावती-मुंबई-अमरावती विमान सेवा 4 अक्टूबर से सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी. फिलहाल यह सेवा सप्ताह में चार दिन चल रही है. नए शेड्यूल के अनुसार रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को यात्रियों को विमान सेवा उपलब्ध होगी. टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है.

* 25 अगस्त से चार दिन कर दी गई थी सेवा
बेलोरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए विमान सेवा 16 अप्रैल 2025 से शुरू हुई थी. शुरुआत में यह सेवा सप्ताह में चार दिन थी. यात्रियों से अच्छा प्रतिसाद मिलने के बाद मई 2026 से इसे बढ़ाकर पांच दिन किया गया था. हालांकि, ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए अलायंस एयर ने 25 अगस्त से सेवा को फिर चार दिन करने का निर्णय लिया था. अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 4 अक्टूबर से पांच दिन सेवा बहाल की जा रही है.

* उड़ान के समय में कोई बदलाव नहीं
नए शेड्यूल के मुताबिक मुंबई से अमरावती सुबह 7:05 बजे मुंबई से उड़ान होने के बाद सुबह 8:50 बजे अमरावती आगमन के बाद अमरावती से मुंबई सुबह 9:15 बजे अमरावती से उड़ान भरने के बाद सुबह 11 बजे मुंबई आगमन होगा. विमान सेवा हर सप्ताह रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार रहेंगी.

* विमान किराए में भी बढ़ोतरी
विमान सेवा शुरू होने के बाद से अमरावती-मुंबई हवाई यात्रा का किराया भी बढ़ा है. वर्तमान में सामान्य किराया करीब 3,400 से 4,000 रुपये तक पहुंच गया है. व्यस्त दिनों में किराया इससे भी अधिक हो सकता है. शुरुआत में अमरावती से मुंबई का न्यूनतम किराया करीब 2,100 रुपये रखा गया था. सप्ताह में पांच दिन विमान सेवा शुरू होने से अमरावती और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Back to top button