पुलिस छापे में 16 जुआरी धरे गए
अमरावती ग्रामीण पुलिस की अवैध शराब और जुए के खिलाफ कार्रवाई

* 2.50 लाख रुपये का जुआ साहित्य व नकदी जब्त
अमरावती/दि.7 – जिले के ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब और जुआ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने अमरावती ग्रामीण पुलिस यूनिट और स्थानीय अपराध शाखा के सभी थानेदारों को ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत अवैध शराब एवं जुआ कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
इन निर्देशों के तहत 4 सितंबर को ग्रामीण अपराध शाखा तथा मोर्शी, चांदूर रेलवे, खोलापुर, धारणी, तिवसा और पथ्रोट पुलिस थाना क्षेत्रों में जुए के खिलाफ कार्रवाई की गई. वहीं दत्तापुर, मोर्शी, चांदूर रेलवे और माहुली जहांगीर पुलिस थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसा गया.
* जुए के खिलाफ कार्रवाई में 16 लोग हिरासत में
खोलापुर, धारणी, तिवसा, चांदूर रेलवे और पथरोट पुलिस थाना क्षेत्रों में की गई विभिन्न कार्रवाइयों के दौरान कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया गया. उनके कब्जे से जुआ एवं वरली मटका से संबंधित साहित्य तथा नकदी सहित कुल 2 लाख 49 हजार 985 रुपये का माल जब्त किया गया.
* दत्तापुर में अवैध शराब जब्त
दत्तापुर पुलिस ने आरोपी आशीष मुरलीधरराव गुजर (27) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रकार की शराब जब्त की. पुलिस के अनुसार, उसके पास से आई-कॉनिक 180 एमएल के 2 कार्टन, मास्टर डेटाइट 180 एमएल के 6 कार्टन और आरएस के 3 कार्टन सहित कुल करीब 2,110 रुपये का माल बरामद किया गया.
* मोर्शी में 18 शराब की बोतलें बरामद
मोर्शी पुलिस ने पाला, तहसील मोर्शी निवासी जितेंद्र जोगसिंह टाक के खिलाफ कार्रवाई की. उसके पास से करीब 720 रुपये कीमत की 18 शराब की बोतलें बरामद की गईं.
* माहुली जहांगीर में देशी शराब जब्त
माहुली जहांगीर पुलिस ने जीरीपुरा, माहुली निवासी किसनराव बलवंतराव चौधरी (65) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 500 रुपये कीमत की 10 नग नारंगी देशी शराब बरामद की. यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में खोलापुर, मोर्शी, माहुली, धारणी, तिवसा, चांदूर रेलवे और पथ्रोट पुलिस थानों के थानेदारों द्वारा की गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.





