शिक्षक समाज के भविष्य के शिल्पकार
एसपी निकेतन कदम का कथन

* शिक्षक दिवस पर जिला परिषद स्कूल चिचाटी में अमरावती ग्रामीण पुलिस की विशेष पहल
अमरावती/दि.7- अमरावती. शिक्षक दिवस के अवसर पर अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने चिखलदरा तहसील के जिला परिषद स्कूल, चिचाटी का विशेष दौरा किया. इस अवसर पर अमरावती ग्रामीण पुलिस बल की ओर से स्कूल को विशेष उपहार भी प्रदान किया गया.
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, अचलपुर उपविभाग की सहायक पुलिस अधीक्षक इशानी आनंद सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक 100 किताबों से भी अधिक प्रभाव डाल सकता है. माता-पिता बच्चे को जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक समाज के भविष्य के शिल्पकार होते हैं. शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, संस्कार, कठिन परिस्थितियों से लड़ने का साहस और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी क्षमता पर विश्वास रखने और शिक्षा की शक्ति के माध्यम से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उपयोग केवल व्यक्तिगत सफलता के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा की समस्याओं को हल करने और समाज के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए भी किया जाना चाहिए.
* विद्यार्थियों को 112 हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई. किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर संपर्क करने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया गया. इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही पुलिस विभाग के प्रति विश्वास और अपनत्व की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों को शिक्षा एवं समाज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई दी गई तथा शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं. यह कार्यक्रम अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ.





