चिचाटी वॉटरफॉल पर 200 पुलिसकर्मियों ने की ट्रेकिंग
‘नशे को छोड़ो, जिंदगी को अपनाओ’ का दिया संदेश

* अमृत वृक्ष अभियान में लगाए 100 पौधे
अमरावती/दि.7- युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से अमरावती ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत मेलघाट के चिचाटी वॉटरफॉल क्षेत्र में विशेष ट्रेकिंग अभियान आयोजित किया. 5 सितंबर को आयोजित इस अभियान में करीब 200 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
यह पहल पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड़ और सहायक पुलिस अधीक्षक इशानी आनंद की उपस्थिति में आयोजित की गई. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने चिचाटी गांव से वॉटरफॉल तक ट्रेकिंग करते हुए युवाओं को ‘ड्रग्स से दूर, नेचर के करीब’ रहने का संदेश दिया. इस दौरान युवाओं से नशे की लत से दूर रहकर स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, साइकिलिंग और नेचर टूरिज्म जैसी गतिविधियां युवाओं को शारीरिक सक्रियता के साथ रोमांच, प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक सहभागिता का अवसर देती हैं. ऐसी गतिविधियों से फिटनेस, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा मिलता है तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है.
* ‘अमृत वृक्ष’ अभियान के तहत 100 पौधे लगाए
ट्रेकिंग अभियान के दौरान ‘अमृत वृक्ष’ अभियान के तहत 100 पौधों का रोपण भी किया गया. पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित विभाग के कर्मियों ने पौधारोपण में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. पुलिस की इस पहल में प्रकृति का आनंद लेने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया गया.
* जिम्मेदार पर्यटन का भी दिया संदेश
अभियान के दौरान पर्यटकों से प्रकृति को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने की अपील की गई. पर्यटन स्थलों पर कचरा एवं प्लास्टिक नहीं फेंकने, वन्यजीवों को परेशान नहीं करने, पेड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाने तथा झरनों एवं जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया. ट्रेकिंग के दौरान रास्ते की स्वच्छता, पौधारोपण और प्रकृति संरक्षण को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई. वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस पहल के माध्यम से नशामुक्त समाज, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का त्रिसूत्रीय संदेश दिया गया. अमरावती ग्रामीण पुलिस के ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेल, साहसिक गतिविधियों, नेचर टूरिज्म और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना है. पुलिस की इस पहल में करीब 200 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता रही.





