उत्साह और भक्तिभाव से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

शक्ती स्वरूपा महिला बहुउद्देशीय संस्था का भावपूर्ण आयोजन

* महिलाओं व युवतियों के लिए नृत्य और सांस्कृतिक वेशभूषा प्रतियोगिता
अमरावती/दि.7– शक्ती स्वरूपा महिला बहुउद्देशीय संस्था की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवतियों ने बड़ी संख्या में उत्स्फूर्त सहभागिता दर्ज कराते हुए आयोजन को यादगार बना दिया. जन्माष्टमी के अवसर पर महिलाओं एवं युवतियों के लिए नृत्य तथा सांस्कृतिक वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति और परंपरा को दर्शाने वाली आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. नृत्य प्रस्तुतियों के लिए चुने गए गीतों में भी आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली.
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शक्ती स्वरूपा महिला बहुउद्देशीय संस्था की अध्यक्ष शीतल प्रलय वाघमारे, सचिव प्रीती शाह सहित संस्था की पूरी टीम का यशोदा माता की पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होना रहा. संस्था की सदस्यों के इस विशेष रूप ने कार्यक्रम स्थल पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भक्तिमय और आनंदमय वातावरण बना दिया. कार्यक्रम में अमरावती शहर के महापौर श्रीचंद्र तेजवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. नगरसेवक मिलिंद बांबल की ओर से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि जयश्री कुबडे की ओर से नकद पुरस्कार दिया गया. इस अवसर पर नगरसेविका स्वाती कुलकर्णी, पूर्व नगरसेविका संगीता भुरंगे, भारती गुहे, राष्ट्रवादी कांग्रेस की संगीता ठाकरे, आंगण एग्जिबिशन की संचालिका निकिता उमक सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले नानकराम नेभनानी, लायंस क्लब, सुरेंद्र बुरंगे, चाकोते फोटो स्टूडियो और कोठारी ज्वेलर्स का संस्था की ओर से विशेष आभार व्यक्त किया गया. प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में उपस्थित आदित्य निकम और कुंजल सर का भी संस्था की ओर से सत्कार किया गया. कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुंदर संचालन लीना गायनर ने किया.
* भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास
संस्था की ओर से बताया गया कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को भारतीय संस्कृति, अध्यात्म एवं पारंपरिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी कला एवं प्रतिभा को मंच उपलब्ध कराना है. जन्माष्टमी महोत्सव को महिलाओं एवं युवतियों की ओर से उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला और पूरा कार्यक्रम भक्ति, आनंद तथा सांस्कृतिक उत्साह से सराबोर रहा.

Back to top button