सात दिनों में 750 पर एक्शन

गणेशोत्सव पर पुलिस की जोरदार तैयारी

* सीपी ने बताया – 3 और पर एमपीडीए
अमरावती/दि.7 – ठीक सप्ताहभर पश्चात प्रारंभ हो रहे 10 दिवसीय गणेशोत्सव के लिए अमरावती शहर पुलिस ने व्यापक तैयारी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरु की है. अब तक 250 लोगों पर प्रतिबंधात्मक एक्शन लिया गया है. आनेवाले सात दिनों में 750 गुंडे-बदमाशों पर कार्रवाई के संकेत पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने दिए. उन्होंने बताया कि, शहर पुलिस अनेक नए कदम उठाने जा रही है. त्यौहार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रखने के लिए खाकी कोई कसर नहीं छोडेगी. उसी प्रकार गुंडे-बदमाशों पर भी एक्शन कडा रहेगा.
पुलिस आयुक्त ने बताया कि, तीन और नामी बदमाशों के विरुद्ध एमपीडीए की कार्रवाई प्रक्रिया में है. ओला ने बताया कि, एक हजार लोगों पर प्रतिबंधात्मक एक्शन लिया जा रहा है, ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगे. गैरकानूनी धंधे बंद हो. पुलिस आयुक्त ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे के गणेशोत्सव दौरान दंगे होने की आशंका पर भी भाष्य किया. सीपी ने दावा किया कि, दंगे की घटनाएं रोकने अमरावती पुलिस पूरी तरह सतर्क है. दंगा प्रतिबंधक दल तैयार है. मीटिंग ली जा रही है. सभी आवश्यक कदम पुलिस उठाएगी.
* तडीपार दबोचने खास दस्ता
सीपी ओला ने बताया कि, तडीपारों के नाम फोटो के साथ प्रत्येक थाने में लगाए जाएंगे. इतना ही नहीं, तो खास दल तडीपारों को अरेस्ट करने बनाया जाएगा, ताकि अमरावती के सामान्य लोग भी कहीं कोई तडीपार दिखाई देने की स्थिति में पुलिस को कॉल कर सके. उन्होंने लोगों से खुलकर गुंडे-बदमाशों और गैरकानूनी धंधों की जानकारी पुलिस को देने का आवाहन भी किया. सीपी ने बताया कि, गणेशोत्सव शांति से संपन्न करवाने पुलिस गश्त बढेगी और सभी जरुरी कदम उठाए जाएंगे.
* सीएम के निर्देशों का पालन
डीजे और लेजर लाइट के उपयोग के बारे में सीपी ओला ने कहा कि, हाईकोर्ट द्वारा दी गई डेसीबल सीमा में डीजे का उपयोग होगा. लेजर लाइट के विषय में उन्होंने मुख्यमंत्री तथा राज्य पुलिस महासंचालक के निर्देशों का पूरी तरह पालन किए जाने की बात कही.

Back to top button