36 लाख रुपये का 72 किलो गांजा जब्त
एक पुरुष और दो महिलाएं गिरफ्तार

* बडनेरा रेलवे स्टेशन के बाहर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई
अमरावती/दि.9– शहर में गांजा लाकर उसकी तस्करी करने की कोशिश को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नाकाम कर दिया. टीम ने बडनेरा रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए करीब 72 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36 लाख रुपये है, जब्त किया. मामले में एक पुरुष और दो महिलाओं को पकड़ा गया है.
जानकारी के मुताबिक वर्धा जिले के सेलू निवासी मुख्य आरोपी नरेश मोहिते मंगलवार सुबह ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर बडनेरा रेलवे स्टेशन पहुंचा था. स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह दो महिला साथियों के साथ मौजूद था. इसी दौरान एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गांजे के साथ पकड़ लिया. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बडनेरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. आगे की जांच एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के पुलिस निरीक्षक खंडेराव रांजवे कर रहे हैं. यह कार्रवाई एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स, महाराष्ट्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक ज्योतिप्रिय सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रवीण कुमार पाटिल और पुलिस अधीक्षक अजीत टिके के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपअधीक्षक गजानन विखे की देखरेख में की गई. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक प्रदीप परदेशी, समाधान मचाले, पूनम जगताप सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया. पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में गांजा तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है.





