अभियंताओं को अभियांत्रिकी ज्ञान का उपयोग समाज विकास के लिए करना चाहिए
मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने कहा

* विद्युत भवन में राष्ट्रीय अभियंता दिवस उत्साह के साथ मनाया
अमरावती/दि.17 – देश के सर्वांगीण विकास में अभियंताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसलिए अभियंताओं को अपने ज्ञान, कौशल और अभिनव विचारों का उपयोग समाज के विकास के लिए करना चाहिए, यह प्रतिपादन महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने किया.
विद्युत भवन, अमरावती में 15 सितंबर को राष्ट्रीय अभियंता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अभियंता दिलीप दोडके संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम के मंच पर अकोला परिमंडल के मुख्य अभियंता दत्तात्रय बनसोडे, अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते और अनिल काले प्रमुख रूप से उपस्थित थे. दोडके ने कहा कि महावितरण के माध्यम से अभियंताओं को सीधे समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य करने का अवसर मिलता है. इसलिए ग्राहक केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए नई तकनीक और अभिनव संकल्पनाओं के माध्यम से महावितरण की सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है. बिजली व्यवस्था से संबंधित कार्य करते समय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए. इसके साथ ही बिजली सुरक्षा को लेकर ग्राहकों में व्यापक जनजागृति भी की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था में आने वाली खामियों का सूक्ष्म निरीक्षण कर संभावित समस्याओं की पहले ही पहचान की जानी चाहिए, ताकि उन्हें समय रहते दूर किया जा सके.
* बिजली वितरण हानि और चोरी रोकने पर जोर
अकोला परिमंडल के मुख्य अभियंता दत्तात्रय बनसोडे ने बदलती तकनीक को अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अभियंताओं को अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग बिजली वितरण हानि कम करने, बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और 100 प्रतिशत बिल वसूली के लिए करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इन उद्देश्यों को हासिल करने के लिए अभियंताओं को कार्यालय के प्रत्येक कर्मचारी को साथ लेकर काम करने की कार्यशैली विकसित करनी चाहिए. इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते और अनिल काले ने भी अपने विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम में सहायक महाप्रबंधक रूपेश देशमुख, कार्यकारी अभियंता अमित बुटे, रवींद्र वांदिले, राजेश माहुलकर, संजय श्रृंगारे, प्रणाली विश्लेषक नितीन नांदुरकर, उपविधि अधिकारी प्रशांत लहाने, वरिष्ठ प्रबंधक यज्ञेश क्षीरसागर, प्रबंधक विकास बांबल और कल्पना भुले सहित परिमंडल एवं मंडल कार्यालय के अधिकारी, अभियंता तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन सुजाता जवंजालकर ने किया, जबकि आभार उपमुख्य औद्योगिक संबंध अधिकारी रामगोपाल अहिर ने माना.





