खेत में टहलने गए बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या
सुल्तानपुर बस स्टैंड के पास वारदात

* विवाद के बाद आरोपियों ने लात मारकर गिराया
* सिर में गंभीर चोट लगने से मौत
अमरावती /दि.19- खेत में टहलने गए 60 वर्षीय व्यक्ति की विवाद के बाद कथित रूप से मारपीट कर हत्या किए जाने की घटना तलेगांव दशासर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर बस स्टैंड के पास सामने आई. घटना 16 सितंबर की शाम की है. मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक का नाम नांदगांव खंडेश्वर तहसील के सुल्तानपुर निवासी गजानन हाडके (60) है. जबकि आरोपियों के नाम नानाजी बनसोड़, प्रफुल्ल नानाजी बनसोड़ (30) है.
जानकारी के मुताबिक 16 सितंबर की शाम हाडके सुल्तानपुर स्थित एक खेत में टहलने गए थे. इसी दौरान आरोपी नानाजी बंसोड़ से उनका विवाद हो गया. बताया गया है कि विवाद के दौरान नानाजी ने हाडके के हाथ में मौजूद सामान गिरा दिया और उनसे बहस करने लगा. इसी बीच नानाजी का पुत्र प्रफुल्ल नानाजी बनसोड़ (30) भी वहां पहुंच गया. आरोप है कि प्रफुल्ल ने गजानन हाडके को लात मारकर नीचे गिरा दिया. मारपीट के दौरान जमीन पर गिरने से हाडके के सिर में गंभीर चोट लग गई. घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के बेटे की शिकायत के आधार पर तलेगांव दशासर पुलिस ने नानाजी बनसोड़ और प्रफुल्ल बनसोड़ के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपी सुल्तानपुर के निवासी बताए गए हैं. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





