वानाडोंगरी में अजगर दिखते ही मची अफरा-तफरी

काम छोडकर भागे मजदूर, नागरिकों की भी जुटी भीड़

नागपुर /दि.21- नागपुर के वानाडोंगरी परिसर में निर्माण कार्य के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मजदूरों को अचानक एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया. अजगर को देखते ही मजदूरों ने काम रोक दिया और तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर आसपास के नागरिकों की भी भीड़ जमा हो गई.
जानकारी के अनुसार, वानाडोंगरी क्षेत्र में एक निर्माण स्थल पर सोमवार सुबह मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर अचानक एक बड़े आकार के अजगर पर पड़ी. अजगर को नजदीक देखकर मजदूर घबरा गए और बिना देर किए निर्माण स्थल से दूर सुरक्षित स्थान पर चले गए. अजगर की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे. कुछ समय के लिए निर्माण स्थल पर काम पूरी तरह थम गया. नागरिकों ने इसकी सूचना संबंधित सर्पमित्रों को दी. इसके बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उसे प्राकृतिक अधिवास में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई.
महाकाय अजगर को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. हालांकि, समय रहते मजदूरों के सुरक्षित हट जाने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई. शहर के तेजी से बढ़ते निर्माण क्षेत्रों में अक्सर सर्प और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी सामने आती रहती है. ऐसे मामलों में वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय प्रशिक्षित सर्पमित्रों या संबंधित विभाग को सूचना देकर सुरक्षित रेस्क्यू कराना जरूरी है.

Back to top button