आईएनएस की लघु-मध्यम समाचारपत्र समिति पर विलास मराठे की नियुक्ति

नई दिल्ली/दि.22 – देश के समाचारपत्र जगत की प्रतिष्ठित संस्था इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आईएनएस) की वर्ष 2026-27 के लिए गठित होने वाली लघु व मध्यम समाचार पत्र समिति के अध्यक्ष पद पर दैनिक हिंदुस्थान के प्रबंध संपादक विलास ए. मराठे की नियुक्ति की गई है. आईएनएस अध्यक्ष ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है. अमरावती सहित संपूर्ण विदर्भ के समाचारपत्र क्षेत्र के लिए इसे गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है.
आईएनएस की कार्यकारी समिति की 666 वीं बैठक 7 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित आईएनएस कॉन्फ्रेंस हॉल में तथा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से हुई. बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए संस्था की विभिन्न समितियों एवं उपसमितियों को गठन करने तथा सदस्यों की नियुक्ति के अधिकार आईएनएस अध्यक्ष को दिए गए थे. इसी निर्णय के तहत विलास ए. मराठे की स्मॉल एंड मीडियम न्यूजपेपर्स कमिटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया. आईएनएस की महासचिव मेरी पॉल ने अधिकृत पत्र के माध्यम से मराठे को नियुक्ति की जानकारी दी.
* चार दशक के अनुभव का सम्मान
विलास अरुण मराठे को पत्रकारिता, संपादन, समाचारपत्र प्रबंधन, मुद्रण तकनीक, विज्ञापन, विपणन और प्रशासनिक कार्यो का चार दशक से अधिक का अनुभव है. दैनिक हिंदुस्थान के माध्यम से उन्होंने विदर्भ के सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और विकास संबंधी मुद्दों को लगातार सामने रखा है. बदलते दौर में समाचारपत्र व्यवसाय की चुनौतियों को देखते हुए आधुनिक तकनीक अपनाने, वितरण व्यवस्था मजबूत करने और पाठकों के साथ विश्वास का संबंध बनाए रखने में उन्होंने योगदान दिया है. विदित हो कि, लघु एवं मध्यम समाचारपत्र भारतीय लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. महानगरों से दूर जिला, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका रहती है. हालांकि बढती मुद्रण लागत, समाचारपत्र कागज की कीमतें, विज्ञापन नीति में बदलाव, डिजिटल माध्यमों की प्रतिस्पर्धा, वितरण खर्च तथा पत्रकारों और कर्मचारियों से जुडे मुद्दों के साथ केंद्र और राज्य सरकारों की विज्ञापन नीतियों की चुनौतियां इन समाचारपत्रों के सामने हैं.
* विदर्भ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व
विलास अरुण मराठे की नियुक्ति से अमरावती और विदर्भ के समाचारपत्र क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है. क्षेत्रीय समाचारपत्रों की समस्याओं की प्रत्यक्ष जानकारी, प्रबंधन का लंबा अनुभव और समाचारपत्रों के हितों के लिए निरंतर कार्य करने की भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई हैै.
* समाचारपत्र जगत से बधाइयों का सिलसिला
आईएनएस जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्था की महत्वपूर्ण समिति की अध्यक्षता अमरावती के समाचार पत्र प्रतिनिधि को मिलना विदर्भ के लिए विशेष गौरव का विषय माना जा रहा है. नियुक्ति की जानकारी मिलते ही पत्रकारों, संपादकों, समाचारपत्र संचालकों, वितरकों, विज्ञापनदाताओं, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारी संगठनों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने विलास अरुण मराठे को बधाई दी.





