डेंगू के 136, मलेरिया के 86 और चिकनगुनिया के 63 मरीज
बारिश के बाद अमरावती जिले में बढ़ा संक्रमित बीमारियों का खतरा

* स्क्रब टाइफस के मामले भी बढ़े
अमरावती /दि.23- जिले में इस वर्ष हुई बारिश के बाद जगह-जगह जमा पानी और बढ़ी नमी के कारण मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है. जिला स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 17 सितंबर तक जिले में डेंगू के 136, मलेरिया के 86 और चिकनगुनिया के 63 मरीज सामने आ चुके हैं. मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और प्रतिबंधात्मक उपाय तेज कर दिए हैं.
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद जोगी ने बताया कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं. संभावित मरीजों का सर्वे, बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग, मच्छरों के लार्वा के स्रोतों की जांच और उन्हें नष्ट करने के साथ ही फॉगिंग तथा जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं.
* जून से बढ़ने लगी मरीजों की संख्या
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मई तक जिले में डेंगू के 34 और चिकनगुनिया के 13 पॉजिटिव मरीज दर्ज हुए थे. इसके बाद जून से मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि होने लगी. 17 सितंबर तक डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 136, चिकनगुनिया के 63 और मलेरिया के 86 तक पहुंच गई है. बारिश के बाद कई स्थानों पर पानी जमा रहने और वातावरण में नमी बढ़ने से मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है.
* स्क्रब टाइफस ने भी बढ़ाई चिंता
जिले में स्क्रब टाइफस के मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गई है. इस बीमारी का पहला मरीज मई में सामने आया था. अगस्त तक मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हो गई. इनमें 11 मरीज ग्रामीण क्षेत्रों और दो मरीज शहरी क्षेत्र से सामने आए हैं. स्वास्थ्य विभाग द्वारा बारिश के मौसम में बुखार और अन्य लक्षण वाले मरीजों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों ने नागरिकों से तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द या अन्य संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने का आह्वान किया है.





