सूखे पर दो दिन में शासनादेश, किसानों को सीधे मदद
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का लातूर दौरे के दौरान ऐलान

* खरीफ के साथ रबी फसलों के नुकसान को भी माना जाएगा
छत्रपति संभाजीनगर/लातूर/दि.23 – महाराष्ट्र में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार अगले दो दिनों में दुष्काळ संबंधी शासनादेश जारी करेगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को लातूर जिले के खरोसा में किसानों से संवाद के दौरान यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए पंचनामे की औपचारिकता में नहीं उलझाया जाएगा और सरसकट (सभी पात्र किसानों को व्यापक स्तर पर) मदद दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लातूर जिले में फसलों की स्थिति बेहद खराब है. उन्होंने बताया कि पिछले सूखे के दौरान जिले में करीब 63 प्रतिशत बारिश हुई थी, जबकि इस बार बारिश का स्तर करीब 50 प्रतिशत तक रह गया है. ऐसे हालात में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है.
* खरीफ के साथ रबी नुकसान भी राहत के दायरे में
फडणवीस ने कहा कि सरकार केवल खरीफ फसलों के नुकसान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रबी फसलों को हुए नुकसान को भी ध्यान में रखकर राहत दी जाएगी. उन्होंने किसानों से कहा कि वे चिंता न करें और हिम्मत बनाए रखें. आने वाले तीन-चार महीने चुनौतीपूर्ण हैं और इस दौरान सरकार किसानों के साथ खड़ी रहेगी.
* पानी और चारे की व्यवस्था करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूखे की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी और पशुओं के चारे की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि जिन जलापूर्ति योजनाओं के बिल बकाया हैं, उनका भुगतान राज्य सरकार ने किया है. प्रत्येक गांव तक पीने का पानी पहुंचाने का आश्वासन भी उन्होंने दिया.
* किसानों ने मुख्यमंत्री को दिखाया सूखा सोयाबीन
खरोसा गांव में किसान सूखे सोयाबीन की फसल लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे. किसानों ने उन्हें फसल की खराब स्थिति से अवगत कराया. फडणवीस ने माना कि मौजूदा परिस्थितियां बेहद गंभीर हैं और कहा कि स्थिति 1972 के सूखे से भी गंभीर दिखाई दे रही है. उन्होंने दोहराया कि अगले दो दिनों में सूखे को लेकर शासनादेश जारी किया जाएगा.
* जिलों में शुरू होगी ‘वॉर रूम’
सूखा प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव संबंधी उपायों के बेहतर समन्वय के लिए जिला स्तर पर ‘वॉर रूम’ शुरू करने की तैयारी की जा रही है. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लातूर और धाराशिव जिलों में फसलों की घटती उत्पादकता और किसानों की समस्याओं की जानकारी भी ली जा रही है. फडणवीस लातूर जिले के दौरे के बाद धाराशिव जिले के करजखेडा और येरमाला में भी किसानों से संवाद कर रहे हैं. इस दौरान सूखा प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की ओर से किए जाने वाले उपायों और उनकी योजना पर चर्चा की जाएगी.
दो दिन में सूखे का जीआर जारी करने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन में सूखे को लेकर शासनादेश (जीआर) जारी किया जाएगा. सूखा राहत के तहत किसानों को आवश्यक सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था, पशुओं के लिए चारा और किसानों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर सरकार काम करेगी. नकदी फसल लेने के लिए भी आवश्यक सहायता देने का प्रयास किया जाएगा.
* बोले- कर्जमाफी का पैसा पूरा देंगे
मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि पहले घोषित कर्जमाफी की प्रक्रिया जारी है और कर्जमाफी की राशि पूरी तरह दी जाएगी. उन्होंने कहा, सभी की कर्जमाफी होने तक मैं नहीं रुकूंगा. सूखा राहत की राशि किसानों के बैंक खातों में जमा करने का भी निर्णय लिया गया है. फडणवीस ने किसानों से कहा कि वे चिंता न करें. सरकार उनकी मदद करेगी और राहत कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि लातूर में वर्ष 1972 के बाद इतनी गंभीर सूखे की स्थिति देखने को मिल रही है, इसलिए इस संकट के दौरान सभी को एक-दूसरे का साथ देना होगा.

* मुख्यमंत्री के सामने फूट-फूटकर रोया किसान, फडणवीस ने लगाया गले
दौरे के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया. मुख्यमंत्री को अपने खेत के पास देखकर एक किसान अपने आंसू नहीं रोक सका और फडणवीस के सामने फूट-फूटकर रोने लगा. किसान की स्थिति देखकर मुख्यमंत्री ने उसे गले लगाया और उसकी बात सुनी. इस दौरान वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए. मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ खेतों की स्थिति देखी और फसल को हुए नुकसान की जानकारी ली. किसानों ने उन्हें अपनी परेशानियों और मौजूदा परिस्थितियों से अवगत कराया. इस दौरान कुछ महिलाओं ने फडणवीस से भावुक होकर कहा कि वे उन्हें अपने भाई की तरह मानती हैं.

‘आप हमारे भाई हैं, इस संकट से निकालिए’, महिला किसान के छलके आंसू
इस दौरान एक महिला किसान ने भावुक होकर मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई. महिला ने कहा, आप हमारे भाई हैं, इस संकट से हमें बाहर निकालिए. मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ेगी. उन्होंने कहा कि किसानों को किसी चीज की कमी नहीं होने दी जाएगी और सूखे से प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाएगी. उन्होंने कहा कि शनिवार तक सूखे को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी. सरकार रबी सीजन में किसानों को खेती करने में मदद करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी. जाऊ के बाद मुख्यमंत्री ने खरोसा गांव का भी दौरा किया. यहां उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति 1972 के बाद का सबसे बड़ा सूखा है. उनके अनुसार, पानी की कमी के कारण खेती को व्यापक नुकसान हुआ है और किसानों को व्यापक स्तर पर सहायता दी जाएगी.





